Khabarwala 24 News Meerut: Meerut News दौराला कस्बे में जहरीली शराब पीने से हुई तीन लोगों की मौत का मामला अब एक सुनियोजित हत्या की साजिश में बदल गया है। शुरुआत में इसे सामान्य जहरीली शराब का हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अंकित उर्फ दौलत की सगी बहन अलका ने ही अपने प्रेमी पवन उर्फ पोली के साथ मिलकर घर की शराब में जहर मिलाया था। इस साजिश में अंकित समेत उसके दो साथी बाबूराम प्रजापति और जितेंद्र कश्यप की भी जान चली गई।
पुलिस ने अलका और पवन दोनों को हिरासत में ले लिया है। कड़ी पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। यह मामला मेरठ पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि शुरुआती जांच में सब कुछ हादसे जैसा लग रहा था।
प्रेम और जमीन: हत्या की वजह (Meerut News )
पुलिस जांच के अनुसार, अलका का दौराला के ही पवन उर्फ पोली के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अंकित इस रिश्ते का कड़ा विरोध कर रहा था। वह अपनी बहन की शादी किसी और से कराना चाहता था। इसके अलावा अलका की नजर अंकित के हिस्से की करोड़ों रुपये की जमीन पर भी थी। प्रेमी युगल ने फैसला किया कि अंकित को रास्ते से हटा दिया जाए, ताकि वे शादी कर सकें और जमीन बेचकर ऐशो-आराम की जिंदगी जी सकें।
शातिराना योजना बनाई (Meerut News)
अलका और पवन ने अंकित को मारने की शातिराना योजना बनाई। उन्हें पता था कि अंकित शराब पीता है। इसलिए अलका ने घर में रखी शराब की बोतल में जहर मिला दिया। लेकिन अलका को डर था कि अगर केवल अंकित मरा तो शक सीधे उस पर आएगा। इसलिए उसने सोचा कि अगर कई लोग एक साथ शराब पीकर मरें तो पूरा मामला जहरीली शराब का हादसा लगेगा।
एक की हत्या में तीनों की जान गई (Meerut News )
शुक्रवार शाम अंकित वही जहरीली शराब लेकर अपने दोस्तों के पास पहुंच गया। वह बाबूराम प्रजापति (65 वर्षीय, स्पेलर संचालक और आटा चक्की मालिक) और जितेंद्र कश्यप के साथ बैठकर शराब पीने लगा। चंद मिनटों में तीनों की हालत बिगड़ गई। उन्होंने उल्टी और पेट दर्द की शिकायत की। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां तीनों की तड़प-तड़पकर मौत हो गई।
पोस्टमॉर्टम और प्रारंभिक जांच में जहर की पुष्टि हुई (Meerut News)
पोस्टमॉर्टम और प्रारंभिक जांच में जहर की पुष्टि हुई। शुरुआत में पुलिस और प्रशासन ने इसे सरकारी ठेके की जहरीली शराब का मामला समझा। डीएम डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय और एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर सहित आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ठेके की जांच की गई, लेकिन सरकारी शराब में कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई।
अलका के विरोधाभासी बयान और गिरफ्तारी (Meerut News )
मौत के बाद अलका भाई के शव से लिपटकर रो रही थी और लोगों की सहानुभूति बटोर रही थी। लेकिन पुलिस को उसका व्यवहार संदिग्ध लगा। पूछताछ में वह बार-बार अपना बयान बदल रही थी। पहले वह अनजान बनने का नाटक कर रही थी, फिर इमोशनल ड्रामा रच रही थी। जब पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सख्त पूछताछ का सहारा लिया तो अलका टूट गई और सच्चाई उगल दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अलका लगातार जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रही थी। उसके बयानों में कोई तालमेल नहीं था। अंततः प्रेमी पवन के साथ उसकी साजिश सामने आ गई। दोनों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब जहर के स्रोत, अन्य साक्ष्यों और पूरे प्लान की डिटेल जुटा रही है।
यह खुलासा पूरे इलाके में सनसनी फैला गया है। लोग हैरान हैं कि एक बहन अपने भाई की हत्या के लिए इतनी ठंडी साजिश रच सकती है। जो कल तक भाई की लाश से चिपकी रो रही थी, वही आज हत्यारी साबित हो गई।
पुलिस की आगे की कार्रवाई (Meerut News )
पुलिस अब मामले को पूरी तरह से क्लोज करने की तैयारी में है। हत्या में इस्तेमाल जहर कहां से आया, इसकी जांच चल रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि क्या इस साजिश में कोई और व्यक्ति शामिल था। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।
यह मामला प्रेम, लालच और परिवार के रिश्तों की पवित्रता पर गंभीर सवाल उठाता है। दौराला कस्बे में अब हर कोई इस घटना पर चर्चा कर रहा है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को हत्या का रूप देने वाली साजिश को उजागर कर दिया है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


