Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News उत्तर प्रदेश के हापुड़ नगर क्षेत्र के मोहल्ला शिवगढ़ी में बिजली चोरी पकड़ने गई विद्युत विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान उपभोक्ताओं ने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि टीम के साथ मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा डाली और बकाएदारों की सूची भी फाड़ दी। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
ऊर्जा निगम के एसडीओ हिमांशु सचान ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि 25 मार्च को वे अवर अभियंता राजेंद्र सिंह और लाइन स्टाफ के साथ मोहल्ला शिवगढ़ी में राजस्व वसूली और बकाया बिल न चुकाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे थे। टीम उपभोक्ताओं के अस्थाई विद्युत कनेक्शन विच्छेदन और मीटर हटाने की प्रक्रिया कर रही थी।
अवैध कट लगाकर की जा रही थी बिजली चोरी (Hapur News)
इसी दौरान त्रिलोक चंद नामक उपभोक्ता के घर की जांच में सामने आया कि करीब 2 किलोवाट के घरेलू कनेक्शन पर बिल बकाया था और पास से गुजर रही एलटी लाइन से अवैध कट लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी। जब टीम ने उपभोक्ता को बकाया बिल जमा करने और चोरी बंद करने के निर्देश दिए, तो स्थिति बिगड़ गई।
टीम के साथ गाली गलौज कर की मारपीट (Hapur News)
आरोप है कि त्रिलोक चंद के पुत्र अमन ने टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और मौके पर लगे बिजली मीटर को उखाड़कर फेंक दिया। स्थिति को बिगड़ता देख टीम ने मीटर को जब्त किया और वहां से वापस लौट आई।लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। करीब एक घंटे बाद सभासद हंशिका कसाना के आवास के पास आरोपी अमन, मोनू और कुछ अन्य लोगों ने टीम को घेर लिया। आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए टीम के साथ मारपीट की और बकाएदारों की सूची छीनकर फाड़ दी। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने जांच की शुरू (Hapur News)
घटना के दौरान टीम ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। अवर अभियंता राजेंद्र सिंह ने डायल 112 पर पुलिस सहायता ली, जिसके बाद पुलिस ने टीम को सुरक्षित विद्युत उपकेंद्र तक पहुंचाया।थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि एसडीओ की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



