नई दिल्ली, 10 फरवरी (khabarwala24)। टी20 विश्व कप 2026 में आज ग्रुप चरण के तहत तीन मुकाबले खेले जाएंगे। इन मैचों में कुछ टीमें अपना विश्व कप अभियान शुरू करेंगी, जबकि कुछ टीमें शुरुआती जीत के साथ अपनी स्थिति मजबूत करने उतरेंगी। ये मुकाबले अलग-अलग समय पर खेले जाएंगे।
आज का पहला मुकाबला नीदरलैंड और नामीबिया के बीच खेला जाएगा। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित होगा और यह टूर्नामेंट का दसवां मुकाबला होगा। दोनों टीमें ग्रुप ए में शामिल हैं और इनमें से जो भी टीम आज जीत दर्ज करेगी, वह टी20 विश्व कप 2026 में अपना खाता खोलेगी।
नामीबिया के लिए यह टूर्नामेंट का पहला मुकाबला होगा। वहीं नीदरलैंड पहले ही एक मैच खेल चुका है, जिसमें उसे पाकिस्तान के खिलाफ करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। उस मैच में पाकिस्तान ने तीन विकेट से जीत दर्ज की थी। नीदरलैंड बनाम नामीबिया का यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे शुरू होगा।
दिन का दूसरा मैच न्यूजीलैंड और संयुक्त अरब अमीरात के बीच खेला जाएगा। ग्रुप डी की इन दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में आयोजित होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे शुरू होगा।
न्यूजीलैंड ने इस विश्व कप की शुरुआत जीत के साथ की थी। टीम ने अपने पहले मुकाबले में अफगानिस्तान को पांच विकेट से हराया था। वहीं यूएई के लिए यह मुकाबला टी20 विश्व कप 2026 में उसका पहला मैच होगा और टीम अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत की कोशिश करेगी।
आज का तीसरा और अंतिम मुकाबला भी ग्रुप ए की दो टीमों के बीच खेला जाएगा। इस मैच में पाकिस्तान का सामना संयुक्त राज्य अमेरिका से होगा। यह मुकाबला कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे होगा।
पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में नीदरलैंड को तीन विकेट से हराकर जीत के साथ शुरुआत की थी। वहीं अमेरिका ने मेजबान भारत के खिलाफ मजबूत प्रदर्शन किया था, हालांकि टीम इंडिया ने यह मुकाबला 29 रन से जीत लिया था। पाकिस्तान और अमेरिका के बीच होने वाला यह मैच ग्रुप ए की तस्वीर को और स्पष्ट करने में भूमिका निभाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


