वाराणसी, 7 फरवरी (khabarwala24)। टी20 वर्ल्ड कप को लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल है और काशी भी इससे अछूती नहीं है। भारत के पहले मुकाबले से पहले वाराणसी के एक निजी स्कूल में बच्चों के बीच टीम इंडिया को लेकर जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिला। पूरे परिसर में क्रिकेट और देशभक्ति का रंग साफ नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपने गाल पर तिरंगे की पेंटिंग बनाई और हाथों में वर्ल्ड कप ट्रॉफी के प्रतीक लेकर देशभक्ति गीत गाए। इस आयोजन के जरिए नन्हे क्रिकेट प्रेमियों ने भारतीय टीम के खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और उनकी जीत के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान स्कूल में ‘भारत माता की जय’ और ‘इंडिया-इंडिया’ के नारों से माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। बच्चों में टीम इंडिया के खिलाड़ियों को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। उनका कहना है कि उन्हें कप्तान सूर्यकुमार यादव से काफी उम्मीदें हैं और वे चाहते हैं कि भारत इस बार टी20 वर्ल्ड कप जीतकर देश का नाम रोशन करे।
स्कूल प्रबंधक राकेश ने समाचार एजेंसी khabarwala24 को बताया कि टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बच्चों में जबरदस्त उत्साह है। क्रिकेट अब उनका सबसे पसंदीदा खेल बन चुका है। बच्चे खुद को बड़े खिलाड़ियों में देखते हैं और कहते हैं कि वे सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन या अभिषेक शर्मा बनना चाहते हैं। उन्हें मैच और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की जानकारी हमसे भी ज्यादा रहती है। यह उनके लिए प्रेरणा का बड़ा अवसर है और वे भारत की जीत को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
छात्रा सौम्या ने khabarwala24 से कहा कि हम प्रार्थना कर रहे हैं कि टीम इंडिया मैदान पर उतरे, एक शानदार प्रदर्शन करे, और जीतकर ही वापस लौटे।
गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने कहा कि वानखेड़े स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप का आगाज हो रहा है। हमने आज मां गंगा के सामने प्रार्थना की है कि भारतीय क्रिकेट टीम हर मैच में जीत हासिल करे। टीम इंडिया इस विश्व कप को जीतकर पूरे देश को खुशी प्रदान करे। हम बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से निरंतर प्रार्थना कर रहे हैं कि हमारी टीम हर मुकाबले में विजयी हो, उनका मनोबल ऊंचा रहे और वे शानदार प्रदर्शन करें।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


