जम्मू, 3 फरवरी (khabarwala24)। जम्मू और कश्मीर पुलिस ने युवाओं को सकारात्मक दिशा में जोड़ने और उनकी ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों में लगाने के लिए एक बार फिर पहल की है। मंगलवार को सिविक एक्शन प्रोग्राम (सीएपी) के तहत आरएस पुरा क्षेत्र के सतोवाली ग्राउंड में टी-10 कॉस्को बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन किया गया। इस टूर्नामेंट का उद्घाटन एसपी हेडक्वार्टर जम्मू इरशाद हुसैन राथर-जेकेपीएस ने किया।
इस अवसर पर एसडीपीओ आरएस पुरा गुरमीत सिंह-जेकेपीएस, एसएचओ आरएस पुरा इंस्पेक्टर रवि सिंह परिहार सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सिविल सोसाइटी के प्रतिष्ठित सदस्य, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय दर्शक भी शामिल हुए। युवाओं, खेल प्रेमियों और स्थानीय निवासियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
इस टी-10 फॉर्मेट के कॉस्को बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट लीग-कम-नॉकआउट आधार पर खेला जाएगा, जिसमें प्रत्येक टीम को अपनी क्षमता दिखाने का पूरा मौका मिलेगा। यह फॉर्मेट तेज, रोमांचक और युवाओं के लिए आकर्षक होने के कारण लोकप्रिय है।
एसडीपीओ आरएस पुरा गुरमीत सिंह और एसएचओ इंस्पेक्टर रवि सिंह परिहार ने सभी अतिथियों, टीमों के कप्तानों और खिलाड़ियों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस हमेशा से युवाओं को नशे, हिंसा और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देती रही है।
विभिन्न युवा जुड़ाव कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस विभाग लगातार समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रहा है। यह टूर्नामेंट भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एसपी हेडक्वार्टर जम्मू इरशाद हुसैन राथर ने उद्घाटन के बाद खिलाड़ियों और युवाओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस बढ़ाता है, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व कौशल भी विकसित करता है।
इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य उभरते हुए युवाओं की छिपी प्रतिभा को सामने लाना, उन्हें अपनी स्किल्स को निखारने का मंच प्रदान करना और ड्रग्स के दुरुपयोग, अपराध तथा अन्य सामाजिक कुरीतियों से दूर रखना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे खेलों में सक्रिय भागीदारी करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


