Khabarwala 24 News New Delhi: Weather देश में ज्यादातर जगहों पर मॉनसून की बारिश हो रही है। लेकिन दिल्ली-एनसीआर के लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल हैं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनसार, देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 और 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
वहीं उत्तराखंड, हिमाचल जैसे पहाड़ी इलाकों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होती रहेगी। गुजरात से लेकर ओडिशा तक, पूरा मध्य भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय इलाका रविवार तक भारी बारिश की चपेट में रहेगा। हालांकि, केरल और तमिलनाडु में बारिश का असर कम दिखेगा। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना समेत कई इलाकों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम ? (Weather)
IMD के अनुसार रविवार को बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 28 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद 22 से 24 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके तहत हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री रह सकता है। इसके बाद बरिश एक बार फिर हल्की हो जाएगी। 25 व 26 जुलाई को हल्की बारिश रहेगी। अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 26 से 27 डिग्री तक रह सकता है।
कैसा रहेगा यूपी का मौसम (Weather)
यूपी में तेज धूप और उमस से लोगों का हाल बेहाल हो गया है। चित्रकूट, हमीरपुर, फतेहपुर समेत आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश तो हुई लेकिन इसके बावजूद प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है। इस बीच मौसम विभाग ने जो अपडेट दिया है। उससे लोगों को राहत मिल सकती है। दरअसल, यूपी में मॉनसून फिर अपनी रफ्तार पकड़ेगा। मौसम विभाग की मानें तो कई जिलों में झमाझम बारिश होगी। रविवार को कई इलाकों में बारिश का सिलसिला एक बार फिर शुरू भी हो गया है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट (Weather)
अब मौसम विभाग के अलर्ट के बाद यूपी में मौसम ने फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने रविवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बरसात के आसार जताए हैं। उधर, पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बूंदाबांदी की उम्मीद है। बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और आसपास के इलाकों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। कई जगहों पर सुबह से बारिश शुरू भी हो गई ।
उत्तराखंड में भारी बारिश की उम्मीद (Weather)
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है। देहरादून स्थित मौसम विभाग कार्यालय की ओर से शनिवार से होने वाली बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। उत्तराखंड मौसम विभाग के मुताबिक सूबे के कुमाऊं, गढ़वाल, देहरादून से लेकर कई मैदानी इलाकों में मध्यम से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है।
कुमाऊं के अधिकांश जिलों में आने वाले 24 से 48 घंटे तक भारी से अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं गढ़वाल के अधिकांश जिलों सहित राजधानी देहरादून और मैदानी इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के मुताबिक उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है।
राजस्थान के कई इलाकों में तेज बारिश (Weather)
मानसून की सक्रियता से राजस्थान के कई संभागों में आगामी दिनों में भारी बारिश का अनुमान है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र आज ओडिशा, छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा और अगले 12 घंटों में उसके कमजोर होने की संभावना है। मौसम केन्द्र ने बताया कि मानसून ‘ट्रफ लाइन’ जैसलमेर और अजमेर से गुजर रही है।
इसके अनुसार उपरोक्त तंत्र के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों में आगामी दिनों में बारिश जारी रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में 21-23 जुलाई को बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने तथा कोटा, उदयपुर, जयपुर, अजमेर तथा भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश व एक दो स्थानों पर अति भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी दिनों में मेघ गर्जन व बारिश की गतिविधियां होने की संभावना है।


