हापुड़, 17 दिसंबर (Khabarwala24)। हापुड़ जिले में एक युवक को कोर्ट से तारीख लगवाकर घर लौटते समय कुछ लोगों ने घेर लिया, अपहरण कर लिया और घर में बंधक बनाकर लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। गंभीर रूप से घायल युवक किसी तरह भागकर पुलिस के पास पहुंचा। पहले स्थानीय पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया, लेकिन पुलिस अधीक्षक को शिकायत मिलने के बाद नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
घटना कैसे हुई
हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी ललित ने बताया कि 18 नवंबर की दोपहर वह हापुड़ कोर्ट से अपनी केस की तारीख पर सुनवाई कराकर बाइक से घर लौट रहा था। गढ़ रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही गांव सोटावली के जसविंदर और पुनिल सहित 10-12 युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। उन्होंने बाइक में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया और गाली-गलौच करते हुए लोहे की रॉड, लाठी और लात-घूंसे से हमला शुरू कर दिया।
अपहरण और बंधक बनाने की वारदात
हमला करने के बाद आरोपियों ने ललित का अपहरण कर लिया और उसे गांव सोटावली स्थित अपने घर ले गए। वहां उसे बंधक बनाकर फिर से मारपीट की गई। लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से इतना पीटा गया कि वह अधमरा हो गया। सिर में गंभीर चोट लगी और जबड़े पर चोट आने से उसके दांत तक टूट गए।
पुलिस तक पहुंचने की जद्दोजहद
किसी तरह ललित आरोपियों के चंगुल से छूटकर बाहर निकला और यूपी-112 पर कॉल किया। पुलिस उसे मंडी चौकी ले गई। वहां उसने पूरी तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने न तो उसका मेडिकल कराया और न ही मुकदमा दर्ज किया। परेशान होकर ललित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा। एसपी के आदेश पर देहात थाना पुलिस ने जसविंदर, पुनिल सहित 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस का बयान
देहात थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देश पर केस दर्ज हो चुका है और मामले की जांच चल रही है। पीड़ित को न्याय मिलने की उम्मीद है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


