Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक गंभीर जासूसी मामला सामने आया है, जहां पाकिस्तान के लिए काम करने वाले मामा भांजे को धौलाना पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अजीम राणा और आजाद राजपूत के रूप में हुई है। दोनों पर देशविरोधी गतिविधियों में शामिल होने और संवेदनशील स्थानों की जानकारी पाकिस्तान भेजने का आरोप है।
सोशल मीडिया प्लेटफार्म के संचालित हो रहा था नेटवर्क (Hapur News)
पुलिस के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित हो रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप और टेलीग्राम के माध्यम से पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के संपर्क में थे। इस नेटवर्क का संचालन पाकिस्तान समर्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी कर रहा था, जिसने आरोपियों को पैसों का लालच देकर अपने जाल में फंसाया।
महत्वपूर्ण स्थानों की फोटो, वीडियो की थी साझा (Hapur News)
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि आरोपियों ने दिल्ली के रमेश नगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सनातन धर्म मंदिर और आसपास के क्षेत्रों की फोटो, वीडियो और लोकेशन पाकिस्तान भेजी थी। इसके अलावा, ग्रेटर नोएडा के बिसरख स्थित प्राचीन रावण मंदिर की जानकारी भी साझा की गई थी। इन स्थानों की रेकी कर जानकारी भेजना देश की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा माना जा रहा है।जांच में यह भी सामने आया है कि दिसंबर 2025 से यह नेटवर्क सक्रिय था। आरोपियों ने कई बार वीडियो कॉल के जरिए अपने हैंडलर्स से संपर्क किया और निर्देश प्राप्त किए। 19 फरवरी 2026 को उन्होंने निर्देश के अनुसार संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें और वीडियो साझा किए थे।
गिरोह के अन्य लोगों की तलाश में जुटी पुलिस (Hapur News)
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल डिवाइस जब्त कर लिए हैं। इनमें से कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बरामद हुए हैं, जिन्हें पाकिस्तान भेजा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एटीएस और आईबी दोनों एजेंसियां आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही हैं।हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के गांव पिपलेड़ा से अजीम राणा और मेरठ के गांव निवासी आजाद राजपूत को गिरफ्तार किया गया। दोनों के बीच रिश्तेदारी भी है, जिससे यह नेटवर्क और मजबूत हुआ। पुलिस अब इस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा (Hapur News)
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देशविरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


