Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद में पारिवारिक विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां बेटी के घर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों के साथ ससुराल पक्ष ने मारपीट कर दी। इस घटना में कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
मामला हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के मोदीनगर रोड स्थित ग्राम बदनौली का है। बुलंदशहर जनपद के ग्राम सिखेड़ा निवासी सरोज ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री की शादी बदनौली निवासी रुपेंद्र के साथ हुई थी। 25 मार्च को उनकी बेटी ने फोन कर उन्हें अपनी ससुराल बुलाया था।
मारपीट कर किया घायल (Hapur News)
पीड़िता के अनुसार, जब वह अपने बेटे सोनू, पति मुनेश कुमार और अन्य रिश्तेदारों के साथ बेटी के घर पहुंचीं, तो वहां पहले से ही तनाव का माहौल था। आरोप है कि जैसे ही वे घर पहुंचे, दामाद रुपेंद्र ने उनके बेटे सोनू पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जब पीड़िता और उसकी बेटी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोप है कि रुपेंद्र के माता-पिता भी मारपीट में शामिल हो गए। इस दौरान ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने भी मिलकर मायके पक्ष के लोगों के साथ अभद्रता और मारपीट की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा (Hapur News)
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को शांत कराया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया।पीड़िता ने मामले की शिकायत हापुड़ नगर कोतवाली में दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने दामाद रुपेंद्र, ससुर ईश्वर, सास मुकेश, गौरव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने जांच की शुरू (Hapur News)
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि मामला गंभीर है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



