Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र से इंसानियत और रिश्तों को तार-तार कर देने वाली खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक युवक को उसकी ससुराल में दो दिनों तक बंधक बनाकर गर्म लोहे के सरियों, लाठी-डंडों और बेल्टों से बर्बरतापूर्वक पीटा गया। इतना ही नहीं, बेल्ट से गला घोंटकर उसकी हत्या करने का प्रयास भी किया गया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी और ससुराल पक्ष के नामजद लोगों समेत कई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फोन कर ससुराल बुलाया और कमरे में बना लिया बंधक (Hapur News)
मामला सिंभावली थाना क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर निवासी देवेंद्र सिंह के बेटे राजेश उर्फ शिवम से जुड़ा है। पीड़ित के पिता के अनुसार, उनके बेटे की शादी वर्ष 2020 में आदर्श नगर कॉलोनी निवासी दीपा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पारिवारिक विवाद के चलते दीपा ज्यादातर अपने मायके में ही रहती थी। आरोप है कि बीते 19 अगस्त को दीपा ने राजेश को फोन करके ससुराल बुलाया। 20 अगस्त की सुबह जैसे ही राजेश ससुराल पहुंचा, आरोपियों ने साजिश के तहत उसे एक कमरे में बंद कर बंधक बना लिया।
गर्म सरियों से दागा, बेल्ट से गला घोंटने की कोशिश (Hapur News)
बंधक बनाने के बाद पत्नी दीपा, उसके परिजनों और उनके बाहरी सहयोगियों—जितेंद्र, देवदास, मोहित व अन्य ने मिलकर राजेश पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने दो दिनों तक लगातार उसे बेल्टों, लाठी-डंडों और गर्म सरियों से अमानवीय यातनाएं दीं। यातनाओं के कारण पीड़ित का शरीर गंभीर रूप से झुलस गया। इस दौरान बेल्ट से उसका गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास भी किया गया।
ई-रिक्शा में फेंककर भागने की फिराक में थे आरोपी, नोएडा में मिला युवक (Hapur News)
21 अगस्त की सुबह परिजनों को एक फोन के माध्यम से इस हैवानियत की जानकारी मिली। जब पीड़ित का भाई पुलिस को सूचना देकर मौके पर पहुंचा, तो आरोपी साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से अधमरे राजेश को ई-रिक्शा में डालकर ले गए। प्रीत विहार के एक अस्पताल ने पुलिस केस होने के कारण उसे भर्ती करने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन खोजबीन करते हुए नोएडा के एक अस्पताल पहुंचे, जहां राजेश अत्यंत गंभीर हालत में मिला।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की शुरू (Hapur News)
कोतवाली नगर पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर पत्नी दीपा, उसके परिजनों और अन्य सहयोगियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और मामले की कानूनी जांच तेजी से की जा रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










