Khabarwala 24 News Hapur: यूपी के जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। छिजारसी टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार बस ने पीछे से बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
क्या है पूरा मामला (Hapur)
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 22 वर्षीय सलमान पुत्र यामीन, निवासी इस्लामनगर देहपा पुलिया, पिलखुवा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सलमान अपने दो साथियों के साथ बाइक से पिलखुवा से दिल्ली की ओर जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक छिजारसी टोल प्लाजा के नजदीक पहुंची, पीछे से तेज गति से आ रही बस ने उन्हें टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। सलमान की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती (Hapur)
हादसे में घायल युवकों की पहचान 26 वर्षीय साजिद पुत्र गफ्फार और 17 वर्षीय सुहैल पुत्र इरशाद, दोनों निवासी गढ़ी मोहल्ला के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही पिलखुवा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची । पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद बस चालक बस समेत मौके से फरार हो गया। जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया।
पुलिस ने जांच की शुरू (Hapur)
पिलखुवा कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फरार बस चालक की तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


