Khabarwala 24 News Hapur: चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। शुक्रवार को सीओ सिटी वरुण मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों पर छापेमारी कर जांच की। अभियान के दौरान पुलिस ने दुकानों में रखे मांझे की बारीकी से जांच की, हालांकि कहीं भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद नहीं हुआ।
दुकानों पर मांझे की जांच की
पुलिस के इस अचानक अभियान से पतंग और मांझा विक्रेताओं में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। पुलिस टीम ने दुकानों पर रखे गए मांझे की किस्म, पैकिंग और सामग्री की गहनता से जांच की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं भी चाइनीज या खतरनाक सिंथेटिक मांझा न बेचा जा रहा हो।

मानव जीवन के साथ पशुओं के लिए घातक
सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि चाइनीज मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है, क्योंकि यह मानव जीवन के साथ-साथ पशु और पक्षियों के लिए भी अत्यंत घातक साबित होता है। उन्होंने कहा कि आए दिन इस मांझे से गला कटने, गंभीर रूप से घायल होने और पक्षियों की मौत की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसी कारण शासन और पुलिस प्रशासन ने इसकी बिक्री और उपयोग पर सख्त रोक लगाई हुई है।
चाइनीज मांझा मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी स्थिति में चाइनीज मांझे की बिक्री या भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में किसी दुकानदार के पास से प्रतिबंधित मांझा बरामद होता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

आगे भी चलेगा अभियान
सीओ सिटी ने यह भी बताया कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में भी लगातार चेकिंग की जाएगी। खासकर त्योहारी मौसम और पतंगबाजी के समय पुलिस की नजर दुकानों और खुले बाजारों पर बनी रहेगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि शहर में चाइनीज मांझे की एक भी बिक्री न हो और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


