Khabarwala 24 News Hapur: यूपी के जिला Hapur की पॉश कॉलोनी प्रीत विहार में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब आवारा कुत्तों के झुंड ने मुंह में इंसान का कटा हुआ सिर और हाथ दबाकर दौड़ लगाई। कुछ ही पलों में शांत रहने वाली सोसाइटी दहशतज़दा हो गई। लोग चीखते-चिल्लाते भागे, बच्चे रोने लगे और कई महिलाएं सदमे में आकर वहीं बैठ गईं।
क्या है पूरा मामला (Hapur)
दरअसल, शाम करीब 6:30 बजे लोग पार्क में टहल रहे थे। अचानक 4-5 कुत्ते तेज़ रफ्तार से सोसाइटी के अंदर घुसे। उनके मुंह से खून टपक रहा था। पहले तो किसी ने गौर नहीं किया, लेकिन जब एक कुत्ते ने दौड़ते-दौड़ते इंसान का कटा हुआ हाथ और दूसरे ने सिर गिरा दिया, तो देखने वालों की रूह कांप गई। कुछ लोग इतने डर गए कि मौके पर ही उल्टी करने लगे। किसी तरह हिम्मत करके कुछ युवकों ने वीडियो बनाया और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया।
कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची (Hapur)
सूचना मिलते ही सदर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कुत्तों की दिशा का पीछा करते हुए पुलिस दिल्ली-लखनऊ रेलवे ट्रैक तक जा पहुंची। वहां का नजारा और भी भयावह था। ट्रैक के किनारे इंसान का धड़ कई टुकड़ों में बिखरा पड़ा था। सिर और हाथ गायब थे, जो कुत्ते सोसाइटी तक खींच लाए थे। शरीर इतना क्षत-विक्षित था कि प्रथम दृष्टया लिंग की भी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। खून से लथपथ जगह और बिखरे हुए अंगों को देखकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए।
पुलिस ने शुरू की जांच (Hapur)
पुलिस ने तुरंत शव के हिस्सों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के सभी थानों, जीआरपी और आरपीएफ को अलर्ट जारी कर दिया गया है ताकि किसी लापता व्यक्ति की रिपोर्ट से मिलान किया जा सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस को लग रहा है कि व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आया और उसकी मौत मौके पर ही हो गई। इसके बाद आवारा कुत्तों ने शव के टुकड़े खींचकर सोसाइटी तक ले आए।
मृतक की शिनाख्त कराने में जुटी पुलिस (Hapur)
सदर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया, “शव की हालत बहुत खराब है। फिर भी डीएनए और अन्य तरीकों से शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच चल रही है। जल्द ही मृतक की पहचान हो जाएगी।”
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।















