Khabarwala24 News Hapur : Crime News कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली रोड पर टीचर्स कालोनी में अधिवक्ता के यहां हुई लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। अधिवक्ता के पड़ोस में रहने वाली महिला ने अपने भतीजे व उसके साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने चाची, भतीजे समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला :
कोतवाली क्षेत्र में मोहल्ला टीचर्स कालोनी में 18 मई को दिनदहाड़े अधिवक्ता के घर में पानी पीने के बहाने घर में घुसे हथियारबंद बदमाशों ने अधिवक्ता की वृद्धा मां को बंधक बना लिया था। मुंह मौजे और कपड़े ठूंसकर मारपीट कर दी। इसके बाद बदमाशों ने पूरा घर खंगाल लिया था। वारदात के समय वृद्धा घर पर अकेली थी और अधिवक्ता कचहरी गए हुए थे। बदमाश घर से नगदी और आभूषण ले गए थे।

वारदात से पहले की थी रैकी :
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इस लूट की प्लानिंग विनय ने अपनी दूर की चाची पूजा से मिलकर की थी। पूजा अधिवक्ता के पड़ोस में रहती है। उसने ही विनय को बताया था कि किस समय अधिवक्ता कचहरी जाता है। घर में उनकी मां किस समय अकेली रहती हैं।वारदात को अंजाम देने के पहले रैकी की थी और मौका पाते ही लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
यह हैं पकड़े गए आरोपी
पंजाबी वस्ती थाना आनन्द पर्वत दिल्ली निवासी विनय, शास्त्रीनगर थाना सरायउल्ला दिल्ली निवासी गोपाल उर्फ रिंकू, अमृतकौर पुरी टैंक रोड करौल बाग थाना प्रसादनगर, दिल्ली निवासी साहिल, टीचर्स कालोनी हापु़ड़ निवासी पूजा हैं।

यह किया गया बरामद :
4 कंगन पीली धातु, 16000 रुपये नगद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, एक अवैध तमंचा, कारतूस , दो अवैध चाकू, लूट की घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल बरामद की है।


