चंडीगढ़, 5 जनवरी (khabarwala24)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को चंडीगढ़ में प्रेसवार्ता कर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग ‘विकसित भारत-जी राम जी’ के बारे में झूठी जानकारी फैला रहे हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस एक जरूरी मुद्दे पर है और मैं हरियाणा के उन लोगों के लिए आया हूं, जो विपक्ष द्वारा फैलाए गए धोखे और झूठ से प्रभावित हुए हैं। हमारे मनरेगा मजदूर प्रभावित हुए हैं क्योंकि कांग्रेस झूठ फैलाने में माहिर है।”
उन्होंने कहा कि आज मैं एक बात कहना चाहता हूं, ये झूठ अब और नहीं चलेंगे। लोग समझ गए हैं कि झूठ ज्यादा समय तक नहीं टिक सकता। अगर कोई बार-बार झूठ फैलाकर मैदान में आएगा, तो लोग उसे नजरअंदाज कर देंगे। जनता भी सब समझ गई है, इसीलिए उनके बहकावे में नहीं आने वाली है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “आज मैं कांग्रेस और इंडिया गठबंधन द्वारा विकसित भारत ग्राम योजना के बारे में झूठ फैलाने की कोशिश के बारे में बात करना चाहता हूं। इस योजना के बारे में बहुत सारी गलत जानकारी फैलाई जा रही है। पहले इसे मनरेगा कहा जाता था, फिर नरेगा और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इस योजना में महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं।”
‘विकसित भारत-जी राम जी’ योजना पर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा, “इस योजना के माध्यम से लोगों को काफी फायदा होने वाला है। देश और गांव के विकास में अहम भागीदारी देखने को मिलने वाली है। इससे पहले भी कांग्रेस ने कई बदलाव किए हैं। मनरेगा योजना को 20 साल पहले शुरू किया गया था।”
उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष के पास कोई सुझाव था तो संसद में रख सकते हैं, लेकिन ये लोग वहां से चले गए और अब लोगों में अफवाह फैला रहे हैं। ये काम बहुत पहले से कांग्रेस और विपक्ष करता चला आ रहा है। आज तक देशहित के लिए कोई काम नहीं किया है। जब तक इनकी सरकार थी तब तक अपना जेब भरा था और जब जनता का विकास हो रहा है तो ये लोग जनता को गुमराह कर रहे हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


