Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News हापुड़ नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में शनिवार को शुल्क लगाने के प्रस्ताव को लेकर तीखी बहस और हंगामा हो गया। शहर के करीब 38 हजार भवनों पर कूड़ा उठाने के लिए प्रति माह 50 रुपये शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसका सभासदों ने एक स्वर में विरोध किया। विरोध इतना तेज था कि प्रस्ताव पास नहीं हो सका। बैठक में वार्डों की समस्याओं को लेकर भी सभासदों ने अधिकारियों पर जमकर नाराजगी जताई और खरी-खोटी सुनाई।
बैठक की शुरुआत और हंगामा (Hapur News)
नगर पालिका परिषद के सभागार में सुबह करीब 11:30 बजे पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक शुरू हुई। बैठक से पहले पांच नामित सभासदों ने शपथ ली। बैठक की शुरुआत में ही सभासद विकास दयाल ने डॉक्टर भीमराव आंबेडकर का चित्र सभागार में नहीं लगे होने पर आपत्ति जताई और कार्रवाई रोकने की मांग की। करीब पांच मिनट बाद महात्मा गांधी और बाबा साहब की तस्वीरें लगाई गईं, तब जाकर बैठक आगे बढ़ सकी।बैठक करीब दो घंटे तक चली, जिसमें कुल 81 प्रस्तावों पर चर्चा हुई और लगभग 40 करोड़ रुपये के सभी प्रस्ताव पास कर दिए गए।

सभासदों द्वारा उठाए गए मुद्दे (Hapur News)
सभासदों ने बैठक में शहर की अनेक समस्याएं उठाईं। सभासद अमित मोनू बजरंग ने बंदरों और कुत्तों की बढ़ती समस्या पर नाराजगी जताई। सभासद नितिन पाराशर ने स्वर्ग आश्रम रोड के शमशान घाट की खराब स्थिति और वार्डों में मरम्मत कार्य न होने का मुद्दा उठाया।
सभासदों ने उठाई समस्या (Hapur News)
सभासद सीमा ने बनारसीपुरा में सड़कों पर जलभराव की समस्या बताई। सभासद अब्दुल मलिक ने वाहनों की संख्या बढ़ाने और बारिश से पहले पुलियों की सफाई की मांग की।सभासद रोहताश यादव ने स्ट्रीट लाइटों की खराब स्थिति, कर्मचारियों को छह महीने से वेतन न मिलने, हैंडपंप रिबोर न चलने और वार्डों में वाटर कूलर न लगाए जाने पर अधिकारियों को घेरा। सभासद मुकेश कोरी ने नलकूपों के टेंडर में एक ही फर्म को बार-बार मौका दिए जाने पर आपत्ति जताई।

महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा लगवाने की मांग (Hapur News)
सभासद आदित्य सूद ने रेलवे रोड पर फैंसी लाइटें ठीक कराने और पालिका पार्क में भगवान वाल्मीकि की प्रतिमा लगाने की मांग की। सभासद रुद्राक्ष त्यागी ने फॉगिंग पर रोजाना 41 हजार रुपये खर्च होने के बिलों की जांच की मांग करते हुए इसे बड़ा घोटाला बताया।
कूड़ा शुल्क प्रस्ताव पर घोर विरोध (Hapur News)
बैठक का सबसे विवादित मुद्दा कूड़ा उठाने का शुल्क था। अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रदेश के अन्य निगमों और पालिकाओं में यूजर्स चार्ज वसूला जा रहा है और शासन के निर्देश पर सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए यह प्रस्ताव लाया गया था।
सभासदों ने कहा कि कुछ महीने पहले ही गृह कर, जल कर और सीवर कर बढ़ाया गया है। अब कूड़ा शुल्क लगाने से आम नागरिकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। विरोध इतना तेज था कि प्रस्ताव पास नहीं हो सका। सभासदों का कहना था कि पहले मौजूदा समस्याओं का समाधान किया जाए, फिर नया शुल्क लगाने की सोचा जाए।

बजट पास (Hapur News)
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 का मूल बजट भी पास हो गया। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि 2025-26 में करीब 123 करोड़ रुपये का व्यय प्रस्तावित है, जबकि 2026-27 में व्यय 183 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
यह बैठक हापुड़ नगर पालिका की पारदर्शिता और जनसमस्याओं को लेकर सभासदों की सक्रियता को दर्शाती है। हालांकि कूड़ा शुल्क जैसे मुद्दे पर आम जनता और व्यापारियों में भी नाराजगी है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि नगर पालिका पहले सफाई, सड़क और अन्य बुनियादी समस्याओं का समाधान करेगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


