पटना, 8 अक्टूबर (khabarwala24)। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रवण कुमार अग्रवाल ने बिहार के कद्दावर नेता और पूर्व सांसद सूरजभान सिंह के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद बड़ा ऐलान किया है। यह बैठक रालोजपा के केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष सूरजभान सिंह की अध्यक्षता में हुई, जिसमें उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद थी।
बैठक में सूरजभान सिंह ने स्पष्ट कर दिया कि बिहार विधानसभा चुनाव में जहां-जहां चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार होंगे, वहां रालोजपा और उनके मजबूत उम्मीदवार पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ेंगे। हमारी पार्टी चिराग पासवान के प्रभाव को कम करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
इस दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रवण कुमार अग्रवाल ने चिराग पासवान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “चिराग पासवान के सभी उम्मीदवारों को विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त देने की रणनीति तैयार की जा रही है। हमारी पार्टी और सूरजभान सिंह के नेतृत्व में मजबूत उम्मीदवार मैदान में उतारे जाएंगे, जो चिराग के उम्मीदवारों को हराने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।”
श्रवण कुमार अग्रवाल ने दावा किया कि बिहार की जनता रालोजपा के साथ है और वह चिराग पासवान के नेतृत्व को नकारने के लिए तैयार है। बैठक में बिहार की राजनीति में रालोजपा की रणनीति और संगठनात्मक ताकत को बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। सूरजभान सिंह ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने और जनता के बीच पार्टी के विजन को पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है और रालोजपा उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके साथ ही उन्होंने एनडीए गठबंधन में चल रही उथल-पुथल पर भी टिप्पणी की। उन्होंने हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के नेता जीतन राम मांझी के बयानों पर सवाल उठाए।
श्रवण कुमार अग्रवाल ने कहा, “जीतन राम मांझी सुबह कुछ और बोलते हैं और शाम को कुछ और। उनके बयानों में कोई गंभीरता नहीं है, और वह खुद अपने बयानों पर कायम नहीं रहते। यह साफ है कि एनडीए में सब कुछ ठीक नहीं है।”
उन्होंने दावा किया कि एनडीए के भीतर की यह अस्थिरता बिहार की जनता के सामने उजागर हो रही है और इसका फायदा रालोजपा को मिलेगा। अभी तक के रुझान से यह खासतौर पर संकेत मिल रहे हैं कि बिहार में तेजस्वी यादव की सरकार बनने जा रही है।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


