लखनऊ, 24 दिसंबर (khabarwala24)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान योगी सरकार ने सोमवार को अंतरिम बजट पेश किया, जिसको लेकर विपक्ष सवाल उठा रहा है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर जुबानी हमला किया।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “विपक्ष पूरी तरह से फेल है, उसके पास कहने के लिए कुछ नहीं है। समाजवादी पार्टी ने प्रदेश को चार बार अराजकता की आग में झोंका है, लेकिन फिर भी उनकी पेट की आग शांत नहीं हुई है। सपा प्रदेश में दंगे करा चुकी है। वे प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया ला चुके थे, लेकिन अब जब प्रदेश माफिया विहीन है, तो उनके पेट में दर्द हो रहा है। उन्हें अब कोई रास्ता नहीं दिख रहा है।”
उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी की दाल उत्तर प्रदेश में नहीं गलने वाली है। उनके अराजक तत्वों को हमारी पुलिस ने ठिकाने लगा दिया है। अभी तक प्रदेश में जितने माफिया हुए हैं, उनको महिमा मंडित और पुष्पित पल्लवित करने का काम समाजवादी पार्टी की सरकार में ही हुआ था। आज प्रदेश अमन-चैन की राह पर है और विकास राज्य के रूप में स्थापित हो रहा है। एक बार फिर 2027 में प्रदेश के अंदर भाजपा की सरकार बनने वाली है।”
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “उत्तर प्रदेश के विकास के लिए सप्लीमेंट्री बजट जरूरी था और इसे पेश किया गया है। विपक्ष को विकास में कोई दिलचस्पी नहीं है। वे अराजकता और अपराध पर ध्यान देते हैं और माफिया को बचाते हैं। उनका बजट या विकास से कोई लेना-देना नहीं है, इसलिए वे इसकी आलोचना करते हैं।”
मौर्य ने कहा, “जब विधानसभा सत्र चल रहा होता है, तो सभी विधायक एक-दूसरे से बातचीत करते हैं। इसे जाति या समुदाय के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए, जैसे ब्राह्मण, क्षत्रिय, पिछड़ा या दलित। विधायकों का एक-दूसरे से मिलना और बातचीत करना स्वाभाविक और सकारात्मक है।”
उन्होंने पीएम मोदी द्वारा गुरुवार को प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करने को लेकर कहा, “यह गर्व की बात है कि पीएम मोदी राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का उद्घाटन करने और अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देने आ रहे हैं। पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत है।”
मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा, “उत्तर प्रदेश में हमारी योगी सरकार ने 2017 से राज्य के चौतरफा विकास के लिए पूरी ईमानदारी से काम किया है, खासकर इसका मकसद युवाओं को सशक्त बनाना, महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल देना, किसानों के लिए खुशहाली और विकास सुनिश्चित करना और पिछड़े, दलित और पसमांदा समुदायों का उत्थान करना रहा है। योगी सरकार ने हमेशा पूरे राज्य के लोगों का दिल जीतने की कोशिश की है।”
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


