पुरी, 1 जनवरी (khabarwala24)। साल के पहले दिन भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुरी पहुंच रहे हैं। नववर्ष 2026 की पहली सुबह घने कोहरे की चादर में लिपटी हुई है, लेकिन इससे श्रद्धालुओं के उत्साह पर कोई असर नहीं पड़ा है।
देश के कोने-कोने से भक्त साल के पहले दिन पुरी के भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए आ रहे हैं। पूरी मंदिर परिसर जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंज उठा है और ब्रह्म मुहूर्त से ही मंदिर में भक्तों की लंबी कतार देखने को मिल रही है।
भगवान जगन्नाथ के मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता देखने को मिल रहा है, जबकि दूसरी तरफ कोहरे की वजह से कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। प्रात: काल से घने कोहरे की चादर मंदिर और आस-पास के इलाके में छाई हुई है। ठंड और कोहरे को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने भक्तों की सुरक्षा के लिए व्यवस्था की है। जगन्नाथ मंदिर के मुख्य प्रशासक श्री अरविंद पाधी ने khabarwala24 से खास बातचीत में बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 1 जनवरी, 2026 को श्री जगन्नाथ मंदिर के सभी अनुष्ठान सेवकों, सभी हितधारकों और अधिकारियों के सहयोग से सुचारू रूप से चल रहे हैं। पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन और श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के सुचारू दर्शन सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत व्यवस्था की है।
उन्होंने आगे कहा कि आज के दिन भक्तों की बड़ी संख्या मंदिर में दर्शन के लिए आ सकती है; इसके लिए भी पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं।
नए साल के अवसर पर मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया है। आज मंदिर में विशेष अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है, जिनके लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रभु जगन्नाथ से जुड़े अनुष्ठान पहले से ही बुक कराए हैं। दर्शन-पूजन के साथ ही मंदिर प्रशासन की ओर से महाभोग की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं।
वहीं, पुरी के अलावा अमृतसर में घने कोहरे के बीच श्री हरमंदिर साहिब में भी संगत की भीड़ देखने को मिली। नए साल के उपलक्ष्य में भारत सहित विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रार्थना और अरदास के लिए श्री हरमंदिर साहिब पहुंच रहे हैं। श्री हरमंदिर साहिब गुरुद्वारे को पीली और सफेद झिलमिलाती लाइटों से सजा दिया है। संगत माथा टेक कर नए साल की शुभ शुरुआत की कामना कर रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


