मुंबई, 12 फरवरी (khabarwala24)। ‘वंदे मातरम’ को लेकर सरकार की गाइडलाइंस पर एआईएमआईएम के नेता वारिस पठान ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम’ गाने के लिए फोर्स नहीं कर सकते हैं।
मुंबई में वारिस पठान ने khabarwala24 से बातचीत करते हुए कहा कि हम ‘वंदे मातरम’ का सम्मान करते हैं, लेकिन किसी को इसे गाने के लिए मजबूर करना गलत है। संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत हर व्यक्ति को अपने धर्म को मानने, पालन करने और प्रचार करने का अधिकार है। हर कोई अपने धर्म का पालन करने के लिए आजाद है, और मुसलमानों को ‘वंदे मातरम’ की कुछ पंक्तियां मंजूर नहीं हैं। किसी को कुछ करने के लिए मजबूर करना जरूरी नहीं है। जब राष्ट्रगान गाया जाता है, तो हम सम्मान से खड़े होते हैं और इसे सच्चे दिल से गाते हैं, लेकिन इसे न गाने पर किसी को ‘एंटी-नेशनल’ या ‘देशद्रोही’ कहना पूरी तरह गलत है। किसने किसी को धर्म के आधार पर उसकी देशभक्ति आंकने का अधिकार दिया।
वारिस पठान ने कहा कि भाजपा बस नफरत फैलानी है। आप किसी को ‘वंदे मातरम’ गाने के लिए फोर्स नहीं कर सकते।
लालकिले के बाहर हुए ब्लास्ट को लेकर यूएन की रिपोर्ट पर वारिस पठान ने कहा कि हमने हमेशा कहा है कि आतंकवादी, आतंकवादी होता है, और उन्हें सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। पाकिस्तान आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देता है, और भारत ने पुलवामा, 26/11 और पहलगाम जैसे आतंकी हमले देखे हैं।
उन्होंने यूएन की रिपोर्ट पर कहा कि जब हमें पता है कि इसमें कौन से आतंकी संगठन शामिल हैं और उनका पाकिस्तान कनेक्शन है तो भारत पाकिस्तान के साथ मैच क्यों खेल रहा है। पाकिस्तान के साथ मैच नहीं खेलना चाहिए, लेकिन पहले की तरह यह मैच भी खेलेंगे। मुझे लगता है कि सरकार को देश की परवाह नहीं है। पाकिस्तान की क्या हैसियत है कि वह कहे कि भारत के साथ मैच नहीं खेलेगा। भारत को खड़े होकर बोलना चाहिए कि हम नहीं खेलेंगे। पहलगाम आतंकी हमले में हमारे लोग मारे गए। हम कैसे इसे भूलाकर मैच खेल सकते हैं।
मुंबई की मेयर का बांग्लादेशी घुसपैठियों पर दिए बयान पर वारिस पठान ने कहा कि मुंबई की मेयर भाजपा से हैं, फिर भी जैसे ही उन्होंने ऑफिस संभाला, उन्होंने नफरत फैलाना शुरू कर दिया। मैडम, यह सेंट्रल गवर्नमेंट का काम है, आप मेयर हैं। आपकी प्राथमिकता क्या होनी चाहिए। क्या आपको पता है कि लोगों ने आपको वोट क्यों दिया। आपको मुंबई के बारे में सोचना चाहिए। मुंबई में प्रदूषण बढ़ता जा रहा है, सड़कों पर गड्ढे हैं-उन्हें कैसे दूर किया जाएगा। इस पर कुछ भी नहीं बोल रही हैं। घुसपैठियों को लेकर इनके पास क्या डाटा है। बांग्लादेशियों को हटाने के अलावा भी काम है। यह काम राज्य सरकार का है। मुंबई की अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए मेयर को काम करना चाहिए।
लातूर घटना पर वारिस पठान ने कहा कि मुसलमानों के लिए रहना मुश्किल हो गया है। ऐसा इसीलिए हो रहा है क्योंकि, भाजपा नेताओं की ओर से मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैलाने वाले बयान दिए जा रहे हैं। मैं मांग करता हूं कि सरकार को ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


