खबरwala 24 न्यूज हापुड़: बाबूगढ़ पुलिस ने कोटा हरनाथपुर के जंगल से अंतरराज्यीय तार चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
आरोपी से हाईटेंशन लाइन से चोरी किया गया दो कुंतल तार बरामद किया है। इस गिरोह के दो सदस्यों को सोमवार की रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर ने सूचना दी कि गांव कोटा हरनाथपुर के जंगल में अंतरराज्यीय तार चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और चार आरोपियों को दबोच लिया।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी थाना मुंडाली क्षेत्र के रहने वाले हकीकत, नईम, बाबर और आरिफ हैं। आरोपियों के कब्जे से दो कुंतल तार बरामद किया गया है। इस गिरोह के दो सदस्य सुहैल और गुलबहार को सोमवार की रात को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ करने पर महत्वपूर्ण जानकारी मिली हैं, जिनके बारे में जांच की जा रही है।
कार में सवार होकर करते थे रेकी
आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि हाईटेंशन विद्युत लाइनों के आसपास कार में सवार होकर रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय वारदात को अंजाम देते थे। मोबाइल फोन बंद कर वारदात को अंजाम देते थे, ताकि पकड़े न जा सकें।


