CRIME NEWS Khabarwala24NewsHAPUR: थाना देहात पुलिस ने शुक्रवार को चेकिंग के दौरान गांव टियाला पुल के पास से अंतरराज्यीय गिरोह के शातिर हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी से आठ तमंचे और छह कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।
क्या है मामला
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को थाना प्रभारी आशीष कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि अंतरराज्यीय गिरोह का तस्कर हथियारों की सप्लाई के उद्देश्य से गांव टियाला की तरफ आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने टियाला पुल के पास चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपित से अवैध हथियार बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी गांव श्यामपुर जट्ट का जाहिद है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह छह से सात हजार रुपये में तमंचा अराजक तत्वों को बिक्री करता था। हथियारों की सप्लाई व दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, बागपत सहित आसपास के कई जिलों में मांग के हिसाब से कर रहा था। उसके साथ कुछ अन्य सदस्य भी जुड़े हैं। पुलिस गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा दिया है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



