Khabarwala 24 News Hapur: Hapur यूपी के जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र के दो गांवों, हिंडालपुर और गालंद, में आज दोपहर गेहूं के खेतों और आसपास के क्षेत्रों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। दोनों ही मामलों में दमकल विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते हुई कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया।
खाली प्लाट में झाड़ में लगी आग
पहली घटना हिंडालपुर गांव में दोपहर 1 बजे की है, जब स्टेटकोन एनर्जिया कंपनी के पास एक खाली प्लॉट में झाड़-झंखाड़ में आग लगने की सूचना मिली। दमकल विभाग की यूनिट तुरंत मौके पर पहुंची और देखा कि आग तेजी से फैल रही थी। आग ने प्लॉट की दीवार को पार कर पीछे गेहूं के खेत की ओर रुख कर लिया था। दमकल कर्मियों ने मल्टी फायर इंजन की मदद से पंपिंग शुरू की और बीटिंग मैथड का उपयोग करते हुए पानी डालकर आग को पूरी तरह बुझा दिया। इस दौरान आग को आसपास के खेतों में फैलने से रोकने के लिए विशेष सावधानी बरती गई।
गेहूं की फसल में लगी आग
दूसरी घटना गालंद गांव में दोपहर के समय हुई जहां कटे हुए गेहूं में आग लग गई थी। सूचना मिलते ही दमकल यूनिट ने तत्काल कार्रवाई की और मौके पर पहुंचकर देखा कि आग अवशेषों में तेजी से फैल रही थी। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग को काबू में किया और इसे आसपास के खेतों में फैलने से रोका। कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह शांत कर दिया गया।
आग पर पाया काबू
दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन गेहूं के अवशेषों और झाड़-झंखाड़ को नुकसान पहुंचा। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। गर्मी के मौसम में ऐसी घटनाएं बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने किसानों और ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की है।















