Khabarwala24 Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में मंगलवार सुबह रंजिश के चलते एक प्राइवेट फैक्टरी के सिक्योरिटी गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक का बेटा गांव की ही लड़की से प्रेम प्रसंग के मामले में जेल में बंद है, इसी खुन्नस में रास्ते में घेरकर गार्ड के सीने में गोली उतारी गई।
साइकिल से ड्यूटी जाते वक्त रास्ते में घेरा (Muzaffarnagar News)
मुजफ्फरनगर के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पिनना चौराहे के पास मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे एक दुस्साहसिक वारदात से सनसनी फैल गई। शाहपुर थाना क्षेत्र के किनोनी गांव निवासी 50 वर्षीय सुभाष बुढ़ाना मोड़ स्थित एक निजी फैक्टरी में सुरक्षाकर्मी (सिक्योरिटी गार्ड) के पद पर तैनात थे।
मंगलवार सुबह जब वे अपनी साइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी घात लगाए हमलावरों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इससे पहले कि सुभाष कुछ समझ पाते, हमलावरों ने तमंचे से उनके सीने में सीधी गोली मार दी। गोली लगते ही सुभाष खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात में 312 बोर के तमंचे का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आ रही है।
प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम (Muzaffarnagar News)
पुलिस जांच में हत्या के तार एक महीने पुराने प्रेम-प्रसंग और पारिवारिक विवाद से जुड़े मिले हैं। मृतक सुभाष के दो बेटे (सागर और आकाश) हैं और परिवार अपनी 7 बीघा जमीन पर खेती करता है। इसी गांव के रहने वाले सतेंदर (18 बीघा जमीन के मालिक) के बेटे हरिओम और 22 वर्षीय बेटी का परिवार है।
सुभाष के छोटे बेटे आकाश का सतेंदर की बेटी से काफी समय से अफेयर चल रहा था। दोनों एक ही जाति के थे, लेकिन परिवार वाले शादी के खिलाफ थे। करीब एक महीने पहले आकाश लड़की को लेकर घर से फरार हो गया था। लड़की पक्ष की पुलिस शिकायत के बाद दोनों को बरामद कर लिया गया, जिसके बाद आकाश को जेल भेज दिया गया और युवती को मेरठ स्थित नारी निकेतन में रखा गया।
पंचायत में पक्ष लेने से भड़का लड़की पक्ष, पिता-भाई पर आरोप (Muzaffarnagar News)
घटना से ठीक दो दिन पहले गांव में इस पूरे विवाद को लेकर एक पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत के दौरान युवती ने जेल में बंद अपने प्रेमी आकाश के पक्ष में खुलकर बयान दे दिया, जिसके बाद उसे दोबारा नारी निकेतन भेज दिया गया।
आरोप है कि युवती के इस बयान से बौखलाए लड़की पक्ष के लोगों ने बदला लेने की साजिश रची। मृतक के परिजनों ने युवती के भाई हरिओम और पिता सतेंदर पर सिक्योरिटी गार्ड सुभाष की हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस (Muzaffarnagar News)
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ पहुंचे एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में अफेयर और पुरानी रंजिश का मामला साफ नजर आ रहा है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










