Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News जिले में यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (यूजीसी) के नए नियमों और संशोधनों के विरोध में कलेक्ट्रेट पर विशाल प्रदर्शन करने जा रहे ‘राष्ट्रीय सैनिक संस्था’ के प्रमुख पदाधिकारियों को पुलिस ने सोमवार तड़के उनके घरों में ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया। इस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद जिले में अचानक राजनीतिक और सामाजिक गहमागहमी बढ़ गई है। सैनिक संस्था के नेताओं ने पुलिस-प्रशासन की इस कार्रवाई को लोकतंत्र का हनन बताते हुए सरकार के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
“जब तक कानून वापस नहीं, तब तक जारी रहेगा आंदोलन”: ज्ञानेंद्र त्यागी (Hapur News )
राष्ट्रीय सैनिक संस्था के प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेंद्र त्यागी ने पुलिस द्वारा पदाधिकारियों को नजरबंद किए जाने की निंदा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस यूजीसी कानून को पूरी तरह से वापस नहीं लेते, तब तक उनका आंदोलन और विरोध प्रदर्शन अनवरत जारी रहेगा।
ज्ञानेंद्र त्यागी ने आरोप लगाया कि यह कानून देश के सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाने और समाज को आपस में बांटने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि यदि देश को एकजुट और अखंड रखना है, तो इस काले कानून को तुरंत रद्द किया जाना चाहिए, अन्यथा सैनिक संस्था सड़क से लेकर अदालत तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
View this post on Instagram
स्वर्ण समाज के लिए काला अध्याय: मुकेश त्यागी (Hapur News )
संस्था के जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी ने यूजीसी कानून पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे सर्व समाज और विशेष रूप से स्वर्ण समाज के लिए एक ‘काला अध्याय’ करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे नियम समाज में असमानता और असंतोष को बढ़ावा देंगे, जिसे कभी स्वीकार नहीं किया जा सकता।
मुकेश त्यागी ने बताया कि पुलिस-प्रशासन ने जनआंदोलन को दबाने की नीयत से सुबह-सुबह ही योजनाबद्ध तरीके से संस्था के सभी प्रमुख पदाधिकारियों के आवासों के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया, जिससे वे कलेक्ट्रेट पर एकत्र न हो सकें।
तगासराय में दिग्गज नेता नजरबंद, कई पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचने में रहे सफल (Hapur News )
पुलिस की कार्रवाई के तहत हापुड़ के तगासराय क्षेत्र में संस्था के वरिष्ठ जिला संयोजक हरिराज सिंह त्यागी और सोनू कंसल को सुबह ही उनके घरों में हाउस अरेस्ट कर लिया गया। दोनों नेताओं के आवासों के बाहर पुलिसकर्मी लगातार मुस्तैद रहे ताकि वे बाहर न निकल सकें।
हालांकि, पुलिस की कड़ी नाकेबंदी के बावजूद राष्ट्रीय सैनिक संस्था के कई अन्य पदाधिकारी रणनीति बनाकर कलेक्ट्रेट परिसर तक पहुंचने में सफल रहे। संस्था के जिला संरक्षक शशांक मुनि त्यागी, जिला सचिव मुकेश प्रजापति, नगर उपाध्यक्ष राजकुमार वर्मा और चौधरी सीताराम जाटव सहित अन्य कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को अपनी मांगों से अवगत कराया और चेतावनी दी कि सरकारी पाबंदियों के बावजूद उनका संघर्ष जारी रहेगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










