Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मौड़ी फ्लाईओवर पर राजस्थान डिपो की एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौका पाकर बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
बुलंदशहर की ओर से आ रहा था युवक (Hapur News)
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक बुलंदशहर की दिशा से हापुड़ की तरफ आ रहा था। सोमवार रात लगभग 11 बजे जैसे ही उसकी बाइक मौड़ी फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी सामने से आ रही राजस्थान डिपो की अनियंत्रित बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीरों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। हादसे के चलते फ्लाईओवर पर कुछ समय के लिए आवागमन भी बाधित रहा।
जेब में मिले ड्राइविंग लाइसेंस से हुई पहचान (Hapur News)
घटना की सूचना मिलते ही हाफिजपुर थाना प्रभारी अरविंद चौधरी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तलाशी ली। युवक की जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर उसकी पहचान मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र स्थित जाकिर हुसैन निवासी एहसान के रूप में हुई।
कानूनी कार्रवाई व चालक की तलाश जारी (Hapur News)
थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटाकर यातायात सुचारु कराया और शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को हादसे की दुखद सूचना दे दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फरार बस चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।




