Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News श्रावण मास की पवित्र और विशाल कांवड़ यात्रा के दौरान जहां लाखों शिवभक्त हरिद्वार से जल लेकर पैदल अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं, वहीं जनपद हापुड़ से सांप्रदायिक सौहार्द और इंसानियत की बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आई है। भीषण गर्मी और थकावट के बीच शिवभक्तों को राहत देने के लिए डॉ एपीजे अब्दुल कलाम सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से एक विशेष चिकित्सा शिविर (मेडिकल कैंप) का आयोजन किया।
हिंदू-मुस्लिम एकता की अनूठी मिसाल कायम की (Hapur News)
हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र की पुरानी चुंगी स्थित अस्थाई पुलिस चौकी पर आयोजित इस शिविर में मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखने वाले सोसाइटी चेयरमैन व नगर पालिका परिषद हापुड़ के ब्रांड एंबेसडर मोहम्मद दानिश कुरैशी और उनकी टीम ने बिना किसी भेदभाव के कांवड़ियों की निःस्वार्थ सेवा कर हिंदू-मुस्लिम एकता की अनूठी मिसाल कायम की है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने किया शुभारंभ (Hapur News)
स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से लगाए गए इस स्वास्थ्य शिविर का विधिवत उद्घाटन राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के पूर्व सदस्य मनोज वाल्मीकि, क्षेत्राधिकारी नगर अनीता चौहान, विद्युत विभाग के एसडीओ दिवेश कुमार, तहसीलदार सदर स्वाति गुप्ता और नगर प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने संयुक्त रूप से किया।शिविर में दूर-दराज से आ रहे शिवभक्त श्रद्धालुओं को मुफ्त प्राथमिक उपचार, मरहम-पट्टी, दर्द निवारक दवाइयां, पैरों की थकावट दूर करने वाले पेन रिलीफ स्प्रे और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं तत्काल उपलब्ध कराई गईं।

शिवभक्तों की सेवा आत्मिक शांति का अनुभव: दानिश कुरैशी (Hapur News)
इस सेवा कार्य पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सोसाइटी के चेयरमैन मोहम्मद दानिश कुरैशी ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। यह केवल एक चिकित्सा शिविर नहीं बल्कि आत्मिक शांति प्रदान करने वाला माध्यम है। जब थके-हारे श्रद्धालुओं को इलाज के बाद राहत मिलती है और उनके चेहरे पर संतोष की मुस्कान दिखती है, वही इंसानियत का असली अर्थ सिद्ध होता है।
आपसी सौहार्द को मजबूत करने का प्रयास (Hapur News)
शिविर में सेवाएं दे रहे डॉक्टर असद सिद्दीकी और डॉक्टर एन.के. सिंह ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य केवल चिकित्सा उपचार देना नहीं, बल्कि देश में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश फैलाना है। कांवड़ियों की सेवा करके समाज में आपसी सौहार्द को मजबूत करने का एक छोटा सा प्रयास किया गया है।

प्रशासनिक अधिकारियों का सम्मान और समाज में सराहना
कांवड़ यात्रा एवं महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर उत्कृष्ट व्यवस्था और निर्बाध सेवाएं देने के लिए सोसाइटी की ओर से पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। चेयरमैन मोहम्मद दानिश कुरैशी ने क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान, एसडीओ दिवेश कुमार, तहसीलदार स्वाति गुप्ता, थाना प्रभारी मनीष चौहान और अवर अभियंता अशोक कुमार को अंगवस्त्र व गुलदस्ता भेंटकर उनका नागरिक अभिनंदन किया।
राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के पूर्व सदस्य मनोज वाल्मीकि और सीओ अनीता चौहान ने सोसाइटी के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जब करुणा, समर्पण और मानव सेवा को धर्म से ऊपर रखा जाता है, तब समाज में शांति, प्रेम और आपसी भाईचारा अपने आप मजबूत होता है।
यह रहे मौजूद (Hapur News)
इस अवसर पर सोसाइटी के वालंटियर्स और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें चौकी प्रभारी अशोक कुमार, सुमित मलिक, रंजीत सिंह, सत्यशील, चेतन चौहान, राजू कुरैशी, मोहम्मद अहमद, आरिफ, अरशद, रहीसुद्दीन, डॉक्टर शाहजेब, डॉक्टर नईम अब्बासी, आदिल और बब्बन शामिल हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।




