Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News सावन के पवित्र महीने के पहले सोमवार को हापुड़ जिले के तमाम प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के से ही ‘हर-हर महादेव’, ‘जय भोलेनाथ’ और ‘बोल बम’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। भक्तों ने भगवान आशुतोष का दूध, दही, घी, शहद, गंगाजल, बेलपत्र और पुष्प से जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सबली महादेव मंदिर में सुबह 5 बजे से लगीं लंबी कतारें (Hapur News)
दिल्ली रोड स्थित प्रसिद्ध एवं प्राचीन सिद्ध पीठ श्री सबली महादेव मंदिर में सुबह 5 बजे से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। क्या बच्चे, क्या बुजुर्ग और महिलाएं—सभी हाथों में पूजन सामग्री और गंगाजल लेकर अनुशासित ढंग से अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की भारी भीड़ बनी रही।
सबली महादेव के अलावा गढ़मुक्तेश्वर के नक्का कुआं मंदिर व कल्याणेश्वर महादेव मंदिर, बछलौता के श्री श्यामेश्वर महादेव मंदिर, सिंभावली के भूतेश्वर लाल मंदिर और देहपा स्थित शिव मंदिर में भी भक्तों का तांता लगा रहा। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रुद्राभिषेक और विशेष अनुष्ठान का आयोजन कराया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, SP ने खुद संभाली कमान (Hapur News)
श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए हापुड़ पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसरों और प्रमुख मार्गों पर मजबूत बैरिकेडिंग की गई थी, जिससे महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग लाइनें बनाकर सुगम दर्शन कराए जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने खुद पुलिस अधीक्षक (SP) कुंवर ज्ञानंजय सिंह धरातल पर उतरे। उन्होंने जिले के प्रमुख मंदिरों का औचक निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही गंगा घाट और कांवड़ मार्गों का उन्होंने निरीक्षक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
पुजारियों और श्रद्धालुओं ने जताया उत्साह (Hapur News)
मंदिर के पुजारियों के अनुसार, पूरे सावन मास के दौरान विशेष पूजा-अर्चना, भव्य श्रृंगार और रुद्राभिषेक के कार्यक्रम जारी रहेंगे। वहीं, जलाभिषेक कर बाहर निकले श्रद्धालुओं ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सावन के पहले सोमवार को भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक से उन्हें अद्भुत आध्यात्मिक शांति और नई ऊर्जा का अहसास हुआ है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


