Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News जनपद हापुड़ के थाना कपूरपुर क्षेत्र में पारिवारिक रिश्तों को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है। जेवर एयरपोर्ट परियोजना के तहत मिले भूमि अधिग्रहण के मुआवजे की रकम के विवाद में एक बुजुर्ग महिला के साथ उनके ही परिजनों द्वारा बीच सड़क पर बेरहमी से मारपीट की गई। घटना का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
मुआवजे की रकम बनी विवाद की वजह (Hapur News)
पीड़ित महिला तस्सो (पत्नी स्वर्गीय अलीयार), निवासी गांव नारायणपुर बांस की मढ़ैया, ने थाना कपूरपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के अनुसार, जेवर एयरपोर्ट परियोजना में भूमि अधिग्रहण के बदले उन्हें लगभग 5.40 लाख रुपये का मुआवजा मिला था।
आरोप है कि परिवार के कुछ सदस्य पहले ही इसमें से करीब 3 लाख रुपये ले चुके थे। इसके बाद वे 2.5 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहे थे। पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया।
View this post on Instagram
बीच सड़क पर बर्बरता, ग्रामीणों ने बचाया (Hapur News)
शिकायत के मुताबिक, 23 जुलाई की सुबह करीब 8:00 बजे पीड़िता की बहू (सन्नो, फरहा) और पोते (साबाद, शोएब) समेत अन्य परिजनों ने महिला को रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने बुजुर्ग महिला को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा और घसीटा, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर बुजुर्ग महिला को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद पीड़िता को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस का बयान और कार्रवाई (Hapur News)
थाना प्रभारी रघुराज सिंह ने बताया कि “पीड़ित महिला की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो का भी परीक्षण कराया जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष और सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


