Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने सांसद प्रतिनिधि और प्रमुख व्यापारी नेता अशोक बबली की पुत्री के विवाह समारोह के दौरान हुई लाखों रुपये की चोरी का जल्द से जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वारदात के 48 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली होने पर व्यापारियों ने गहरा रोष व्यक्त किया है।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित अग्रवाल (छावनी वाले) और महामंत्री संजय अग्रवाल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि विवाह समारोह के दौरान समारोह स्थल पर बने एक कमरे की खिड़की की जाली काटकर चोरों ने लाखों रुपये की नगदी से भरा बैग पार कर दिया था। इस बड़ी वारदात को हुए दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन हापुड़ देहात पुलिस अभी तक चोरों का सुराग लगाने में नाकाम रही है। उन्होंने एसपी से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना का त्वरित और निष्पक्ष पर्दाफाश किया जाए, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो सके और चोरी गई पूरी नगदी बरामद की जा सके।
एसपी ने दिया आश्वासन (Hapur News)
व्यापारियों की मांग और रोष को देखते हुए एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि आरोपियों की धरपकड़ और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के लिए थाना हापुड़ देहात पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस को कुछ अहम सुराग भी हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा और चोरी गई शत-प्रतिशत रकम बरामद कर ली जाएगी।
यह रहे मौजूद (Hapur News )
ज्ञापन देने वालों में ललित छावनी वाले, संजय अग्रवाल, कपिल एसएम, राजीव दत्तियाना वाले, मनीष नीटू, मनीष मक्खन, अमित सिम्पल, दिनेश सिंहल आदि व्यापारी मौजूद थे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


