Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात को रिलायंस रोड पर हुए प्रॉपर्टी डीलर और शराब कारोबारी अतुल तोमर हत्याकांड में पुलिस को शुक्रवार देर रात बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पिलखुवा पुलिस, हापुड़ नगर पुलिस और जनपदीय स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में डूहरी रोड पर संदिग्ध बदमाशों के साथ मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीन बदमाश घायल हो गए, जबकि एक पुलिसकर्मी भी इस मुठभेड़ में घायल हुआ। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
ग्राम गालंद निवासी अतुल तोमर सोमवार रात को अपने घर लौट रहे थे। रिलायंस रोड पर पहुंचते ही अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलीबारी कर दी। गंभीर रूप से घायल अतुल को तुरंत गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
भाजपा के जिला मंत्री समेत आठ के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा (Hapur News)
मृतक अतुल तोमर की मां ने भाजपा के जिला मंत्री समेत चार लोगों को नामजद करते हुए कुल आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त हो गया। लोगों ने पोस्टमार्टम के लिए लाए गए शव को उठने नहीं दिया और आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि 48 घंटे के अंदर वारदात का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
पुलिस की सफल कार्रवाई (Hapur News)
अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि अतुल तोमर हत्याकांड की जांच के लिए कई टीमें लगाई गई थीं। शनिवार रात को पिलखुवा कोतवाली, हापुड़ नगर कोतवाली और स्वाट टीम नेशनल हाईवे-9 से डूहरी रोड जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार आई। पुलिस ने रोकने का संकेत दिया तो कार सवार बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ में तीन बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिसकर्मी संदीप राठी भी गोली लगने से घायल हुए। दोनों पक्षों के घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
View this post on Instagram
आरोपी और बरामदगी (Hapur News)
पूछताछ में घायल बदमाशों ने खुद को अतुल तोमर हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया। पकड़े गए आरोपियों में ग्राम गालंद निवासी लवकुश, ग्राम मसौता थाना मसूरी जनपद गाजियाबाद निवासी कपिल और गौरव हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई अर्बन क्रूजर कार बरामद कर ली है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अतुल तोमर की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



