Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र में एक दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पति ने पंचायत के दौरान सबके सामने तीन बार ‘तलाक-तलाक-तलाक’ बोलकर अपनी पत्नी से रिश्ता खत्म कर दिया। इसके साथ ही उसने पांच वर्षीय बेटी को अपने पास रख लिया और महिला को सिर्फ पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पिछले दस साल से उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति फुरकान समेत छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसका निकाह करीब 10 साल पहले गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव त्यौड़ी के फुरकान से हुआ था। निकाह के समय मायके पक्ष ने करीब 10 लाख रुपये खर्च करके घरेलू सामान, सोने-चांदी के जेवर और अन्य उपहार दिए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं हुआ।
दो लाख रुपय और कार की मांग (Hapur News )
पति फुरकान, ससुर जब्बार, सास सन्नों, ताऊ इस्लाम, देवर शानू और गुल्लू उर्फ गुलफान लगातार अतिरिक्त दहेज में कार और दो लाख रुपये नकद की मांग करते रहे। मांग पूरी न होने पर महिला के साथ मारपीट, गाली-गलौज, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की जाती थी। कई बार उसे भूखा-प्यासा रखा गया। महिला ने देवर शानू पर अश्लील हरकतें करने और गलत नजर रखने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
हत्या का प्रयास और तलाक (Hapur News)
28 मार्च 2026 को पति फुरकान ने महिला के साथ मारपीट की और दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या का प्रयास किया। शोर सुनकर पड़ोसियों के पहुंचने से महिला की जान बच सकी। इसके बाद फुरकान ने फोन पर ही तीन बार तलाक बोल दिया और उसे मायके चले जाने को कहा।
तीन बार बोला तलाक (Hapur News)
जब महिला के परिजन पहुंचे तो आरोपियों ने उनकी पांच वर्षीय बेटी को जबरन अपने पास रख लिया और महिला को घर से बाहर निकाल दिया। 6 मई 2026 को दोनों पक्षों के बीच कोतवाली क्षेत्र में पंचायत हुई। पंचायत के दौरान ही फुरकान ने सबके सामने तीन बार तलाक बोलकर रिश्ता खत्म करने की घोषणा कर दी।
पीड़िता ने बताया कि पहले भी उसने सीओ सिटी के पास शिकायत की थी। तब समझौता हुआ और उसे ससुराल भेज दिया गया था, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से प्रताड़ना शुरू हो गई। मायके पक्ष ने बाद में बाइक और सवा तोले सोने की चेन भी दी, लेकिन आरोपियों का रवैया नहीं बदला।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की शुरू (Hapur News)
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पति फुरकान, ससुर जब्बार, सास सन्नों, ताऊ इस्लाम, देवर शानू और गुल्लू उर्फ गुलफान के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, हत्या का प्रयास और अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है जांच में जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



