Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News हापुड़ लोकसत्य। राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हो गई। अनियंत्रित अज्ञात वाहन की टक्कर में बाइक सवार एक युवती की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके पति और 12 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
जानकारी के अनुसार, जिला बदायूं के थाना उगेती क्षेत्र अंतर्गत गांव करनपुर निवासी सूरजपाल अपनी पत्नी सरोज (35 वर्ष) और पुत्र प्रियांशु (12 वर्ष) के साथ बाइक पर सवार होकर मुरादाबाद में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। दिल्ली की ओर जा रहे इस परिवार पर जब दोपहर करीब 3 बजे थाना देहात क्षेत्र के गांव ततारपुर के पास एनएच-09 पर अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा (Hapur News )
टक्कर की भीषणता इतनी ज्यादा थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में सरोज की मौके पर ही मौत हो गई। सूरजपाल और प्रियांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना देहात पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिता-पुत्र को गढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने सूरजपाल की हालत नाजुक देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया है, जबकि प्रियांशु का उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। मृतका सरोज का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी (Hapur News )
थाना देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया है। अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलते ही अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


