Khabarwala 24 News Ambedkarnagar:Ambedkarnagar Newsउत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर के मीरानपुर मुरादाबाद में में एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जो किसी भी मां-बाप के कलेजे को चीर कर रख देगी। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने ही चार अबोध बच्चों की निर्मम हत्या कर दी। पति के सऊदी अरब में दूसरी शादी कर लेने और घर न लौटने के तनाव को इस जघन्य कांड का मुख्य कारण माना जा रहा है।
क्या है पूरा मामला (Ambedkarnagar News )
शनिवार सुबह बजे दूधवाला घर पहुंचा। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला तो वह चला गया। दोपहर तक बच्चों से संपर्क न हो पाने पर उनके पिता नियाज , जो सऊदी अरब में नौकरी करते हैं, ने शहजादपुर निवासी भाभी बकीतुनिशा को फोन कर पता करने को कहा। भाभी ने पुलिस को सूचना दी। दोपहर करीब तीन बजे पुलिस अकबरपुर कोतवाली टीम मौके पर पहुंची।

भयावह नजारा देखने को मिला (Ambedkarnagar News )
घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। पुलिस ने पहली मंजिल की बालकनी का रास्ता अपनाया। अंदर घुसते ही भयावह नजारा देखने को मिला। कमरे में तख्त पर चारों बच्चों के शव खून से लथपथ पड़े थे। कमरे की दीवारों, फर्श और बिस्तर पर खून के छींटे फैले हुए थे। बच्चों के उल्टी के निशान भी मिले। पुलिस के अनुसार, हत्या से पहले उन्हें कुछ जहरीला पदार्थ दिया गया ताकि वे चीख न सकें और प्रतिरोध न कर सकें।
पुलिस की छह टीमें तलाश में जुटी (Ambedkarnagar News )
मीरानपुर मोहल्ले में शनिवार दोपहर यह वारदात हुई। मृत बच्चों की पहचान शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान (8) उर्फ सादिया के रूप में हुई है। उनकी मां गासिया खातून (३४) पर आरोप है कि उसने बच्चों को पहले जहरीला या नशीला पदार्थ खिलाया और फिर ईंट व हथौड़े से उनके सिर पर वार करके हत्या कर दी। घटना के बाद गासिया खातून बालकनी से कूदकर फरार हो गई। पुलिस की छह टीमें उसे ढूंढ रही हैं।

पति का दूसरा निकाह बना वजह? (Ambedkarnagar News )
नियाज महरुआ के कसड़ा गांव के रहने वाले हैं। वे चार साल से सऊदी अरब में नौकरी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने मीरानपुर, मुरादाबाद में पत्नी गासिया खातून के नाम पर मकान बनवाया था। गासिया यहीं चार बच्चों के साथ रह रही थी।
पुलिस जांच के अनुसार, नियाज ने चार साल पहले पाकिस्तानी महिला से दूसरा निकाह कर लिया। इसके बाद वे घर नहीं लौटे। पहली पत्नी गासिया के साथ उनकी अनबन शुरू हो गई थी। इसी मानसिक तनाव के चलते गासिया ने यह कदम उठाया हो सकता है। नियाज ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी सीधे-साधे स्वभाव की थी।
बालकनी से फरार, नीचे खून व चूड़ियां (Ambedkarnagar News )
घर दो मंजिला है। मुख्य दरवाजे से करीब आठ फीट ऊंचाई पर बालकनी है। पुलिस का शक है कि गासिया इसी बालकनी से कूदकर भागी। नीचे खून के निशान और टूटी चूड़ियों के टुकड़े मिले हैं। पड़ोसियों ने रात में कुछ आवाजें सुनी थीं, लेकिन घटना की गंभीरता का अंदाजा नहीं था।
वारदात स्थल तक का रास्ता कच्चा और संकरा होने के कारण एंबुलेंस अंदर नहीं पहुंच सकी। शवों को अकबरपुर कोतवाल के वाहन से बाहर ले जाकर एंबुलेंस में रखा गया।
मायके पक्ष पर शक, परिजनों को हिरासत में लिया (Ambedkarnagar News )
घटना की सूचना मिलते ही गासिया के मायके अंबेडकरनगर के भीटी क्षेत्र के सम्मनपुर छितैनिया में पुलिस ने दबिश दी। गासिया के पिता मोहम्मद फैजान समेत परिजनों को हिरासत में ले लिया गया। उनसे पूछताछ जारी है।
ग्रामीणों के अनुसार गासिया के पिता की तीन संतानें हैं। नियाज उनकी सगी बहन का बेटा था, इसी रिश्ते में निकाह हुआ था। मायके वाले भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

परिवार में मातम (Ambedkarnagar News )
जेठानी बकीतुनिशा मौके पर पहुंचकर फफक-फफक कर रो पड़ीं। एक सप्ताह पहले ही उनकी गासिया से मुलाकात हुई थी। बच्चों की दादी अमीना का रो-रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदार उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं।
नियाज के बड़े भाई सलीम ने गासिया खातून के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय के अनुसार हत्या समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
डीआईजी और डीएम मौके पर पहुंचे (Ambedkarnagar News )
डीआईजी सोमेन वर्मा और डीएम ईशा प्रिया भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम के साथ विस्तृत जांच चल रही है। एसपी प्राची सिंह ने कहा कि हर एंगल से जांच हो रही है, जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
पुलिस जांच में जुटी (Ambedkarnagar News )
पुलिस ने बताया कि बच्चों के सिर पर ईंट और हथौड़े जैसे भारी वस्तुओं से वार किए गए निशान हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से खून, टूटी चूड़ियों के टुकड़े और अन्य नमूने लिए हैं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


