Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News यूपी के जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित फ्लाईओवर पर चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। घटना के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
दमकल विभाग के अनुसार, रात करीब 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पर फ्लाईओवर पर एक कार में भीषण आग लग गई है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं। जब तक दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे, तब तक कार पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थी और तेज लपटों के साथ धू-धू कर जल रही थी।
कार से कूदकर बचाई जान (Hapur News)
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि चालक मुकेश कुमार ने खतरा भांपते हुए तुरंत कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के समय वह कार में अकेला ही सवार था।
क्या कहते हैं दमकल केंद्र प्रभारी (Hapur News)
पिलखुवा फायर स्टेशन के केंद्र प्रभारी सचिन बालियान ने बताया कि जांच में सामने आया है कि कार बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के छावनी निवासी नरेंद्र की है, जिसे उसका चालक मुकेश कुमार चला रहा था। चालक के अनुसार, चलते समय अचानक कार में आग लग गई, जिसके कारण उसे तुरंत बाहर निकलना पड़ा।
यातायात व्यवस्था सुचारू कराई (Hapur News)
घटना के चलते कुछ समय के लिए फ्लाईओवर पर यातायात बाधित हो गया, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए यातायात को सुचारू रूप से चालू कराया।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



