Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बनखंडा में बंदरों के आतंक ने एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घर की छत पर रेलिंग पर खड़ी बच्ची को बंदरों के झुंड ने घेर लिया, जिससे डर के मारे बच्ची रेलिंग से नीचे गिर गई।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
जानकारी के अनुसार, ग्राम बनखंडा निवासी सौरभ त्यागी की डेढ़ वर्षीय पुत्री राध्या त्यागी घर की छत पर रेलिंग के सहारे खड़ी थी। तभी अचानक बंदरों का एक बड़ा झुंड छत पर पहुंच गया। बंदरों को देखकर बच्ची घबरा गई और रेलिंग से करीब 5 फुट नीचे गिर पड़ी। गिरने से बच्ची को गंभीर चोटें आईं। हादसा होते ही पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तुरंत बच्ची को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज चल रहा है।
बंदरों का लगातार बढ़ रहा हमला (Hapur News)
यह घटना बंदरों के बढ़ते आतंक को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बंदरों का आतंक दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। शहर हो या गांव, बंदर कभी भी किसी पर हमला कर सकते हैं। लोग लगातार डरे रहते हैं कि कब बंदर किसी बच्चे या बुजुर्ग पर हमला कर दें।
बंदरों को तुरंत पकड़वाने की मांग (Hapur News)
ग्रामीणों ने बताया कि बनखंडा गांव में बंदरों की संख्या काफी बढ़ गई है। वे छतों पर, खेतों में और घरों के आसपास खुलेआम घूमते हैं। खाने-पीने की चीजें छीनने के साथ-साथ अब छोटे बच्चों को भी निशाना बनाने लगे हैं।स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि बंदरों को तुरंत पकड़कर उन्हें गांव से दूर किसी सुरक्षित जगह पर छोड़ा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते बंदरों के आतंक पर काबू नहीं किया गया तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



