Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News हापुड़ जिले की सड़कों पर स्टंटबाजी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सोमवार का है, जिसमें गढ़ क्षेत्र में दो लग्जरी कारों में सवार युवकों ने सड़क पर खुलेआम खतरनाक स्टंटबाजी कर दी। युवकों ने तेज रफ्तार में कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर हुड़दंग मचाया, जिससे सड़क पर चलने वाले राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
किसी व्यक्ति ने युवकों की इस स्टंटबाजी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया। वीडियो तेजी से फैला और लोगों में आक्रोश फैल गया। वायरल वीडियो को हापुड़ के गढ़ क्षेत्र का बताया जा रहा है, जो दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे से जुड़ा इलाका है।यातायात पुलिस ने वायरल वीडियो और फोटोज का तुरंत संज्ञान लिया। जांच में पाया गया कि कुछ युवक दो कारों से सड़क पर खुलेआम स्टंट और हुड़दंग कर रहे थे। एक कार के चालक पर 12 हजार रुपये और दूसरी कार के चालक पर 16 हजार रुपये का चालान काट दिया गया। इस तरह कुल 28 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
क्या बोले यातायात प्रभारी (Hapur News)
यातायात प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि जनपद में ऐसे कुछ युवक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए दिख रहे हैं। कार की खिड़की से बाहर निकलना, तेज रफ्तार में हुड़दंग करना न सिर्फ यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि खुद की और दूसरों की जान को भी गंभीर खतरे में डालता है। उन्होंने कहा कि वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और चालान जारी कर दिए।
यातायात पुलिस ने की अपील (Hapur News)
प्रभारी नरेश कुमार ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। अपनी और दूसरों की जान को जोखिम में न डालें। यदि कोई वाहन चालक नियम तोड़ते पाया गया तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सड़कों पर सुरक्षा सर्वोपरि (Hapur News )
हापुड़ पुलिस का कहना है कि सड़कों पर सुरक्षा सर्वोपरि है। ऐसे स्टंट न सिर्फ ट्रैफिक को बाधित करते हैं बल्कि दुर्घटना का बड़ा कारण भी बन सकते हैं। हाल के दिनों में जिले में स्टंटबाजी के कई मामले सामने आए हैं, जिसके चलते यातायात पुलिस लगातार निगरानी बढ़ाए हुए है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


