Khabarwala 24 News Lucknow: Weather Today उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बढ़ती गर्मी के बीच लोगों को राहत देने वाली खबर सामने आई है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 30 मार्च से 1 अप्रैल के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का असर देखने को मिलेगा। वैज्ञानिकों का कहना है कि एक साथ सक्रिय हुए तीन मौसमीय सिस्टम के कारण यह बदलाव हो रहा है।
सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का पड़ेगा प्रभाव (Weather Today)
मौसम विभाग के अनुसार मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 29 मार्च की देर शाम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम बदलना शुरू हो गया है। 30 मार्च को इसका प्रभाव चरम पर रहेगा, जबकि 31 मार्च और 1 अप्रैल तक कई जिलों में इसका असर जारी रह सकता है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
गरज चमक के साथ बारिश (Weather Today)
विशेष रूप से पश्चिमी यूपी में गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां अधिक सक्रिय रहेंगी, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना रह सकता है। हालांकि 1 अप्रैल तक पूर्वी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
तेज हवाएं चलने की चेतावनी (Weather Today)
मौसम विभाग ने 29 से 31 मार्च के बीच प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि झोंकों में यह 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही कई इलाकों में वज्रपात और मेघगर्जन की भी आशंका जताई गई है।
इन जिलों में बिजली गिरने की संभावना (Weather Today)
30 मार्च को श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।
फसलों को हो सकता है नुकसान (Weather Today)
इस बदलते मौसम का असर किसानों पर भी पड़ सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और बारिश से गेहूं, सरसों और चना जैसी फसलों को नुकसान हो सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे पकी हुई फसलों की जल्द कटाई कर सुरक्षित स्थानों पर भंडारण सुनिश्चित करें।आम लोगों के लिए भी एडवाइजरी जारी की गई है। खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली उपकरणों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को भी कहा गया है।कुल मिलाकर, यह मौसम परिवर्तन जहां एक ओर गर्मी से राहत देगा, वहीं दूसरी ओर सतर्कता भी जरूरी है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


