Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News कोतवाली हापुड़ क्षेत्र में निवेश के नाम पर एक महिला से 5.30 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर आरोपियों ने महिला को अपने जाल में फंसाया और बाद में रकम हड़प ली। जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने एसपी के आदेश पर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
कोतवाली हापुड़ नगर में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, मोहल्ला श्रीनगर निवासी लीना शर्मा ने शिकायत में बताया कि 6 मार्च 2021 को गाजियाबाद के थाना विजय नगर क्षेत्र के सेक्टर-9 सम्राट चौक निवासी विक्रांत शेखावत उनके घर आया था। उसने खुद को एक कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए फरीदाबाद स्थित “ग्लोबल स्टार मेकर” नामक कंपनी की निवेश योजनाओं के बारे में जानकारी दी। आरोपी ने कम समय में अधिक मुनाफा होने का लालच दिया।
निवेश के लिए आरोपियों ने बनाया दवाब (Hapur News)
कुछ दिन बाद विक्रांत शेखावत दो अन्य लोगों के साथ फिर महिला के घर पहुंचा। इस दौरान उनके साथ नई दिल्ली के रोहिणी निवासी गजेंद्र सिंह राजपूत भी शामिल था। तीनों ने मिलकर महिला पर निवेश करने का दबाव बनाया। उनके झांसे में आकर महिला ने अपने पति के एसबीआई बैंक की रेलवे रोड शाखा स्थित खाते से चार लाख रुपये का चेक दिया और करीब 1.30 लाख रुपये नकद भी दे दिए।
इसके अलावा आरोपियों ने महिला से कंपनी में अलग-अलग आईडी बनवाकर करीब 5.15 लाख रुपये का अतिरिक्त निवेश भी करवा लिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने महिला के परिचितों के मोबाइल नंबर भी हासिल कर लिए और उन्हें भी इसी तरह निवेश के लिए प्रेरित किया।
आश्वासन देकर टालते रहे (Hapur News)
शिकायत के अनुसार, शुरुआत में कुछ समय तक आरोपियों ने महिला के खाते में मुनाफे की छोटी-छोटी रकम भेजी, जिससे उसका विश्वास बढ़ गया। लेकिन कुछ समय बाद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया। जब महिला ने संपर्क किया तो आरोपियों ने गोल्ड और डायमंड गिफ्ट भेजने का झूठा आश्वासन देकर उसे टालते रहे।
जान से मारने की दी धमकी (Hapur News)
बाद में महिला जब फरीदाबाद स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंची तो वहां कंपनी के सीएमडी राजेश भारद्वाज, बल्लभगढ़ निवासी वीरेंद्र कुमार आर्य और रेवाड़ी के बवाल क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी एमडी सुशील कुमार मौजूद मिले। आरोप है कि उन्होंने एक वर्ष के भीतर पूरी रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन चार साल बीत जाने के बाद भी पैसा वापस नहीं किया गया।पीड़िता का आरोप है कि जब उसने सख्ती से अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और चुप रहने के लिए दबाव बनाया।
पुलिस ने मामले की जांच की शुरू (Hapur News)
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जो भी आरोपी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



