नई दिल्ली, 9 फरवरी (khabarwala24)। मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार को पाकिस्तान और यूएसए के बीच मुकाबला खेला जाना है। यूएसए ने अपने पिछले मैच में भारत के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए सभी को चौंकाया था। अब पाकिस्तान भी इस टीम को हल्के में नहीं ले सकती।
पाकिस्तान और यूएसए के बीच अब तक सिर्फ एक ही टी20 मैच खेला गया है। यह मुकाबला पिछले टी20 विश्व कप में खेला गया था, जिसमें पाकिस्तान को सुपर ओवर में शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
6 जून 2024 को खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 159 रन बनाए। इसके जवाब में यूएस की टीम ने निर्धारित ओवरों में 3 विकेट खोकर 159 रन बनाए। इसके बाद मैच सुपर ओवर तक पहुंचा, जहां यूएसए ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पाकिस्तान और यूएसए को ग्रुप-ए में भारत, नामीबिया और नीदरलैंड्स के साथ रखा गया है। यह टूर्नामेंट का उनका दूसरा मैच होगा।
पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मैच में नीदरलैंड के खिलाफ 3 विकेट से जीत दर्ज की थी। नीदरलैंड मुकाबले में पाकिस्तान पर भारी नजर आ रहा था, लेकिन अंतिम ओवरों में पाकिस्तान मुकाबला जीतने में कामयाब रहा।
दूसरी तरफ, यूएसए ने भारत के विरुद्ध अपने पहले मैच में 29 रन से हार का सामना किया था। मेजबान टीम को 161/9 के स्कोर पर रोकने के बाद यूएसए की टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 132 रन ही बना सकी थी।
पाकिस्तान ने अपने पिछले पांच टी20 में से चार जीते हैं, जबकि यूएसए ने अपने पिछले पांच मैचों में तीन जीत हासिल की हैं। पाकिस्तानी टीम वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया को तीन मैचों की घरेलू टी20 सीरीज में हराने के बाद आत्मविश्वास से लबरेज है।
इस बीच, यूएस इस सीजन की अपनी पहली जीत की तलाश में है और पाकिस्तान के खिलाफ अपनी पिछली मुलाकात के सफल प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद कर रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


