लखनऊ, 8 फरवरी (khabarwala24)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव के एसआईआर पर दिए बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जब से उत्तर प्रदेश में एसआईआर शुरू हुई है, तब से अखिलेश यादव लगातार मतदाताओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
लखनऊ में khabarwala24 से बातचीत में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिक्र करते हुए कहा कि अखिलेश यादव बहुत बड़े नेता हैं, वे प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उन्हें अच्छी तरह पता है कि अगर फर्जी हस्ताक्षर से फॉर्म 6, 7 और 8 भरे गए हैं तो आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। लेकिन, कानूनी प्रक्रिया अपनाने के बजाय वे मीडिया के सामने जाकर भ्रम फैला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा चाहती है कि किसी का भी वोट बनने से न रह जाए। हमारा प्रयास है कि शत-प्रतिशत मतदाता अपना वोट बनवाएं और लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लें। हम मानते हैं कि उत्तर प्रदेश का हर मतदाता लोकतंत्र को मजबूत करने वाला है।
मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार अच्छा काम कर रही है। हम तो उम्मीद करते हैं कि सभी मतदाता हमें वोट देंगे।
सपा की रैली को लेकर उन्होंने कहा कि 16 फरवरी को रैली या बड़ी सभा करके और उन लोगों को बुलाकर जिनके वोट रजिस्टर नहीं हुए या डिलीट हो गए हैं, समाजवादी पार्टी क्या करेगी? इससे वे क्या साबित करना चाहते हैं।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर विपक्ष के सवालों पर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि जब अमेरिका ने टैरिफ बढ़ाए तो इंडी गठबंधन और देश के विपक्षी नेताओं ने हल्ला मचाया। प्रधानमंत्री मोदी और हमारी सरकार ने लगातार किसानों और व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रयास किए। अमेरिका को मनाया गया और ट्रंप टैरिफ घटाने के लिए तैयार हो गए।
उन्होंने कहा कि इंडी अलायंस के नेताओं को प्रधानमंत्री की तारीफ करनी चाहिए थी। लेकिन वे नई-नई बातें शुरू कर देते हैं। देश-दुनिया जानती है कि पीएम मोदी भारत के अधिकारों के लिए खड़े रहते हैं। वे आम जनता से जुड़े हुए हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


