मुंबई, 6 फरवरी (khabarwala24)। नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ रिलीज से पहले ही बड़े विवाद में घिर गई है। फिल्म के टाइटल को लेकर धार्मिक और जातीय भावनाएं आहत होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। खासतौर पर ब्राह्मण समुदाय और सनातन धर्म से जुड़े संगठनों में इस नाम को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
इसमें राजनीतिक बयान, संत समाज का आक्रोश और प्रशासनिक कार्रवाई भी शामिल हो चुकी है। इस पूरे मामले पर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह और संत समाज ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी है।
केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने अपने फेसबुक पोस्ट में फिल्म के नाम पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने लिखा, ”नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ के जरिए ब्राह्मण समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का घृणित प्रयास किया गया है। फिल्म के शीर्षक और कथित चित्रण में जिस तरह की जातिसूचक और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल हुआ है, वह पूरी तरह निंदनीय है। इस तरह की सामग्री समाज के ताने-बाने के साथ खिलवाड़ है।”
उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लखनऊ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई को पूरी तरह सही ठहराया। उन्होंने आगे लिखा, “मैं इसकी कड़े शब्दों में भर्त्सना करता हूं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस संबंध में लखनऊ पुलिस की कार्रवाई पूर्णतया उचित है।”
वहीं, फिल्म को लेकर संत समाज में भी गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। वृंदावन के संतों ने व्यापक विरोध दर्ज कराते हुए फिल्म पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
khabarwala24 से बात करते हुए संतों ने कहा, “यह फिल्म सनातन धर्म को नीचा दिखाने का काम कर रही है, और लंबे समय से एक विशेष सोच के तहत सनातन पर लगातार प्रहार किए जा रहे हैं। पहले भी कई बार धार्मिक प्रतीकों और समुदायों को विवादास्पद ढंग से प्रस्तुत किया गया है, और अब इस फिल्म के जरिए ब्राह्मणों को निशाना बनाया जा रहा है।”
संतों ने कहा, ”प्राचीन काल से ही सनातन धर्म में ब्राह्मणों को विशेष सम्मान प्राप्त रहा है। राजा-महाराजा भी उनके ज्ञान और सलाह को महत्व देते थे और समाज को दिशा देने में उनकी भूमिका अहम रही है, लेकिन आज के समय में कुछ लोग जानबूझकर ब्राह्मणों की छवि को नकारात्मक रूप में पेश कर रहे हैं। निर्माता और अभिनेता केवल नाम और चर्चा में बने रहने के लिए इस तरह के विवादित शीर्षक चुनते हैं।”
संतों ने कहा, ”जन्म हो या मृत्यु, हर महत्वपूर्ण संस्कार और कर्मकांड में पंडित की भूमिका केंद्रीय होती है। ऐसे में फिल्म के शीर्षक में ‘पंडत’ शब्द के साथ ‘घूसखोर’ जैसे शब्द का इस्तेमाल करना पूरे समुदाय को अपमानित करने जैसा है। मनोरंजन के नाम पर किसी भी समुदाय की छवि खराब करना स्वीकार्य नहीं है।”
संतों ने सरकार से मांग की है कि फिल्म पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए और इसके निर्माताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


