Khabarwala 24 News Hapur: यूपी के जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एनएच-09 स्थित पुराने हाईवे पर ड्यूटी के दौरान एक होमगार्ड के साथ गंभीर सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे होमगार्ड को एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
क्या है पूरा मामला (Hapur)
थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार देर रात करीब साढ़े दस बजे कस्बा छावनी क्षेत्र में मन्नत होटल के सामने एक स्विफ्ट कार और दूध से लदे कैंटर के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी। दोनों वाहनों की टक्कर के कारण हाईवे पर यातायात बाधित हो गया था।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम (Hapur)
हादसे की सूचना मिलते ही कस्बा लेपर्ड वाहन पर सवार होमगार्ड विनोद कुमार और हेड कांस्टेबल सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे थे और हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराने में जुटे थे, ताकि कोई दूसरा हादसा न हो।
होमगार्ड को मारी टक्कर (Hapur)
इसी दौरान एक अज्ञात वाहन चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़े होमगार्ड विनोद कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि होमगार्ड सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घायल को अस्पताल में कराया भर्ती (Hapur)
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हेड कांस्टेबल सुधीर कुमार ने राहगीरों की मदद से घायल होमगार्ड को तुरंत गढ़ रोड स्थित देवनंदनी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार होमगार्ड की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस जांच में जुटी (Hapur)
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों में रोष भी देखा गया है। घायल के परिजन को पुलिस ने हादसे की सूचना दी। वहीं कई होमगार्ड भी घायल की हालत जानने के लिए अस्पताल पहुंच गए थे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


