नई दिल्ली, 8 दिसंबर (khabarwala24)। संसद में ‘वंदे मातरम’ पर चर्चा के विषय पर कांग्रेस और विपक्ष के अन्य दलों के नेताओं ने सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा ‘वंदे मातरम’ गीत को भी राजनीति का मुद्दा बना रही है।
कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमन सिंह ने ‘वंदे मातरम’ पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर तंज कसा और कहा कि आजादी की लड़ाई कांग्रेस ने लड़ी थी। khabarwala24 से बातचीत में उज्ज्वल रमन सिंह ने कहा, “‘वंदे मातरम’ हम सबके लिए, हर पार्टी के लोगों के लिए गर्व की बात है। लेकिन भाजपा इसे भी राजनीति का मुद्दा बना रही है। अगर उन्होंने आजादी से पहले ‘वंदे मातरम’ के लिए लाठियां खाई होतीं, अगर इसके लिए अपनी जान कुर्बान की होती, तो आज उन्हें बोलने का हक था।”
उन्होंने कहा, “देश की जनता के साथ भाजपा का सरोकार नहीं है। लोग इस सरकार से कट चुके हैं। यह स्वतंत्रता सेनानियों और बलिदानियों पर उपहास करना चाहते हैं।’
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, “जब भारत की आजादी के लिए लड़ाई चरम पर थी, तब कांग्रेस ‘वंदे मातरम’ गाकर कुर्बानी और बलिदान का इतिहास लिख रही थी। कांग्रेस के अधिवेशन ‘वंदे मातरम’ गीत के साथ शुरू और संपन्न होते हैं। उस समय भाजपा संगठन से जुड़े हुए उनके नेता अंग्रेजों की गुलामी कर रहे थे। अब भाजपा के लोग ‘वंदे मातरम’ पर चर्चा के जरिए अपने पाप का प्रायश्चित करेंगे।”
शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, “मैं ‘वंदे मातरम’ पर चर्चा का स्वागत करती हूं। यह हमारे इतिहास का हिस्सा है, जो हमारी संस्कृति से गहराई से जुड़ा हुआ है। यह वह इतिहास है जिसमें सभी भारतीय देश से अंग्रेजों को भगाने के लिए एकजुट हुए थे। इसलिए, आज की चर्चा देश के हित में होनी चाहिए, न कि राजनीतिक फायदे के लिए। सही तरीके से ‘वंदे मातरम’ के विषय पर संसद में चर्चा हो तो यह अच्छा होगा।”
उन्होंने आगे कहा, “हास्यास्पद यह है कि ‘वंदे मातरम’ पर चर्चा वे लोग करना चाह रहे हैं, जिन्होंने राज्यसभा में ‘एंटी-नेशन’ नोटिफिकेशन निकाला था। सांसदों पर पाबंदी लगाई गई कि वे ‘जय हिंद’ और ‘वंदे मातरम’ नारे नहीं लगा सकते। इससे स्पष्ट दिखता है कि सत्ता पक्ष की ‘करनी और कथनी’ में अंतर है।”
समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाए कि भाजपा हर विषय को, जिनमें उसका कोई योगदान नहीं रहा है, विवादित बनाने के प्रयास में रहती है। उन्होंने कहा, “किस तरीके से इस राष्ट्रीय गीत को विवादित बनाया जाए, भाजपा इसी प्रयास में रहती है। यह उनकी सोच है और हम उसके विरोध में खड़े हैं।”
सपा सांसद ने कहा, “‘वंदे मातरम’ एक ऐसा गीत है, जिसे हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने आजादी की लड़ाई के दौरान खुद में जोश भरने के लिए गाया था। उसी ऊर्जा ने आखिरकार देश को आजादी दिलाने में मदद की। आज इसकी 150वीं सालगिरह के मौके पर सदन में इस पर चर्चा होनी चाहिए। यह विषय बहुत गंभीर और महत्वपूर्ण है।”
टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने लोकसभा में ‘वंदे मातरम’ पर चर्चा को लेकर कहा, “हम चर्चा में भाग लेंगे। हमें जो कहना है कहेंगे।”
सांसद कीर्ति आजाद ने कहा, “भाजपा के नेता आज ‘वंदे मातरम’ पर बोलेंगे, लेकिन उनके पूर्वजों ने ‘वंदे मातरम’ का समर्थन नहीं किया था। उनके (भाजपा) लिए इसका कोई मतलब नहीं है, क्योंकि वे हिंदू-मुस्लिम बंटवारे पर ध्यान देते हैं।”
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


