रांची, 10 अक्टूबर (khabarwala24)। झारखंड की राजधानी रांची के खलारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस और कुख्यात अपराधी राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़ हुई है। दोनों ओर से चली गोलीबारी में गैंग के दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से कुल चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अपराधियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस का जखीरा बरामद किया है।
रांची एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के सदस्य खलारी इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम जैसे ही ठाकुरगांव, खलारी और रातू थाना क्षेत्र की सीमा पर पहुंची, अपराधियों ने पुलिस को देखते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं दो अन्य अपराधियों को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया। पुलिस ने घटनास्थल से आठ पिस्टल, दर्जनों कारतूस और अन्य हथियार बरामद किए हैं। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। घायल अपराधियों की पहचान साजन अंसारी और अमित गुप्ता के रूप में हुई है, जो लंबे समय से राहुल दुबे गैंग के लिए काम कर रहे थे।
गिरफ्तार दोनों अन्य अपराधियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, कुछ महीने पहले गैंगस्टर अमन साहू के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद राहुल दुबे ने गिरोह की कमान संभाली थी। हाल के दिनों में कोयलांचल क्षेत्र में रंगदारी की वसूली रुक जाने के बाद गिरोह ने फिर से दहशत फैलाने की योजना बनाई थी।
इसी क्रम में गिरोह के करीब एक दर्जन सदस्य हथियारों के साथ खलारी इलाके की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस को समय रहते उनकी गतिविधियों की जानकारी मिल गई। चार थानों की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह को घेर लिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है।
–khabarwala24
एसएनसी/एएस
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


