नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (khabarwala24)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कनाडा के एक विज्ञापन को देखकर इतना भड़क उठे कि उसके साथ ट्रेड पर जारी बातचीत पर तत्काल रोक लगा दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर इसकी जानकारी दी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा, “रोनाल्ड रीगन फाउंडेशन ने अभी घोषणा की है कि कनाडा ने धोखाधड़ी से एक विज्ञापन का इस्तेमाल किया है, जो कि फेक है। इस विज्ञापन में रोनाल्ड रीगन टैरिफ के बारे में नकारात्मक बातें करते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह विज्ञापन 75,000,000 डॉलर का था।”
उन्होंने लिखा, “ऐसा सिर्फ अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट और अन्य अदालतों के फैसलों में दखल देने के लिए किया गया। टैरिफ अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उनके इस घटिया हरकत के आधार पर, कनाडा के साथ सभी व्यापारिक वार्ताएं समाप्त की जाती हैं। इस मामले पर ध्यान देने के लिए आपका धन्यवाद।”
इस विज्ञापन की वजह से अमेरिका और कनाडा के बीच फिर से विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और कनाडा के पूर्व पीएम जस्टिन ट्रूडो के बीच भी तनाव बढ़ता नजर आया था।
कनाडा के ओंटारियो प्रांत की सरकार की फंडिंग पर विज्ञापन को रिलीज किया गया। इस विज्ञापन में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के 1987 के एक भाषण के ऑडियो का इस्तेमाल किया गया।
इसे लेकर रीगन फाउंडेशन की तरफ से कहा गया है कि पूर्व राष्ट्रपति के भाषण के इस्तेमाल के लिए उनसे अनुमति नहीं ली गई थी। फाउंडेशन ने आरोप लगाया कि इसे भ्रामक तरीके से एडिट किया गया है, इसलिए वे कानूनी कार्रवाई के बारे में सोच रहे हैं।
जिस ऑडियो क्लिप को लेकर इतना बवाल मचा है, उसमें पूर्व राष्ट्रपति रीगन टैरिफ का जिक्र करते हुए कहते हैं कि टैरिफ अमेरिकी अर्थव्यवस्था को कमजोर करते हैं, नौकरियां छीनते हैं और उपभोक्ता पर बोझ डालते हैं।
इस ऑडियो क्लिप का इस्तेमाल करके कनाडा ने जो विज्ञापन निकाला, उसमें ट्रंप के टैरिफ का विरोध है। कनाडा ने दावा किया कि ट्रंप का 25-35 फीसदी टैरिफ आर्थिक आत्महत्या है, जो कनाडा-अमेरिका व्यापार को नुकसान पहुंचाएगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कनाडा पर 35 फीसदी आयात शुल्क लागू किया है। इसके साथ ही अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा समझौते के तहत इसमें कुछ वस्तुओं पर छूट भी दी गई। वहीं, मेटल और ऑटोमोबाइल सेक्टरों पर अलग-अलग टैरिफ लागू है।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


