Khabarwala 24 News Lucknow: UP News यूपी की राजधानी लखनऊ में प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार और भाजपा संगठन में संभावित बदलावों की चर्चाओं के बीच एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक निराला नगर स्थित सरस्वती कुंज में हुई, जिसमें योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी रही। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), सरकार और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों की समीक्षा, संगठन विस्तार की रूपरेखा और 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करना रहा। सूत्रों के अनुसार, सरकार, संघ और भाजपा के बीच आपसी समन्वय को और मजबूत करने पर सहमति बनी है।
2027 विधानसभा चुनाव पर फोकस(UP News)
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विशेष मंथन किया गया। तय किया गया कि संघ के समन्वय से चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, घर-घर संपर्क अभियान चलाने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। तीनों इकाइयों के कार्यकर्ता समाज के सभी वर्गों के बीच संवाद स्थापित करेंगे।
संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों की रूपरेखा (UP News)
संघ इस समय अपने शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर मना रहा है। बैठक में इन कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई और सरकार व भाजपा संगठन की सहभागिता तय की गई। प्रदेश में सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। संघ की शाखाओं के विस्तार और अनुसांगिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी पर भी सहमति बनी।
भाजपा संगठन विस्तार में संतुलन पर जोर (UP News)
प्रदेश भाजपा संगठन में जल्द ही विस्तार की संभावना है। बैठक में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए संगठन को विस्तार देने की बात कही गई। सभी समुदायों को प्रतिनिधित्व देने और नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपने की रणनीति पर विचार हुआ।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह और संघ के क्षेत्रीय प्रचारक अनिल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक का निष्कर्ष यही रहा कि सरकार, संघ और भाजपा संगठन मिलकर आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों में तालमेल के साथ आगे बढ़ेंगे, ताकि 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूत रणनीति के साथ मैदान में उतरा जा सके।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


