Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर सलामतपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपने 92 वर्षीय ताऊ के अपहरण का आरोप लगाया है। यह पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पीड़ित की शिकायत और न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, गांव निवासी अमित कुमार ने बताया कि उनके ताऊ भूले (उम्र करीब 92 वर्ष) लंबे समय से उनके साथ रह रहे थे। बुजुर्ग शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर हैं और पिछले लगभग 30 वर्षों से उनकी देखभाल अमित और उनका परिवार कर रहा था। अमित के अनुसार, उनकी सेवा से खुश होकर ताऊ ने 27 मार्च 2025 को अपनी जमीन का कुछ हिस्सा उनके नाम कर दिया था।
बताया गया कि ताऊ भूले ने करीब 400 मीटर जमीन का बैनामा अमित कुमार के नाम किया था, जबकि चार बीघा जमीन की वसीयत उनकी पत्नी हेमलता के नाम की गई थी। इसके अलावा तीन बीघा जमीन अपने भाई जय सिंह के बड़े बेटे मुखिया उर्फ मोनू के नाम वसीयत की गई थी।
जमीन बेचने का बना रहे थे दवाब (Hapur News)
आरोप है कि गांव के ही हरिओम उर्फ पप्पला गुर्जर और पिंटू उर्फ पुनित खारी की नजर इस जमीन पर थी। दोनों आरोपी कथित तौर पर जय सिंह के छोटे बेटे सोनू पर जमीन बेचने का दबाव बना रहे थे। हालांकि सोनू की बहन रेखा इसका विरोध कर रही थी। इस विवाद ने पहले भी गंभीर रूप ले लिया था, जब मई 2024 में रेखा की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में थाना बाबूगढ़ में हत्या का मुकदमा दर्ज है और मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।
पुलिस को दी सूचना (Hapur News)
अमित कुमार का आरोप है कि 26 नवंबर 2025 की रात करीब डेढ़ बजे आरोपी अपने चार-पांच अज्ञात साथियों के साथ बिना नंबर प्लेट की कार और एक अन्य वाहन में उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने जबरन उनके ताऊ को घर से उठाकर वाहन में बैठाया और अपहरण कर ले गए। इस घटना को अमित और गांव के ही एक अन्य व्यक्ति रविंद्र ने देखा और तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।पीड़ित का कहना है कि अगले दिन थाना बाबूगढ़ में शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद आरोपियों ने नाराज होकर 2 जनवरी 2026 को उनके घर पर फायरिंग भी की, जिसका मुकदमा पहले से दर्ज है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा (Hapur News)
न्याय न मिलने पर पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से भी शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अंततः पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद थाना बाबूगढ़ पुलिस ने हरिओम उर्फ पप्पला गुर्जर, पिंटू उर्फ पुनित खारी और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने जांच की शुरू (Hapur News)
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



