Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News आनंद विहार टर्मिनल से बिहार के दानापुर जा रही जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेन में सवार 18 वर्षीय युवक अमान की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना से ट्रेन के कोच में सवार यात्रियों में भारी अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही ट्रेन को हापुड़ रेलवे स्टेशन पर रोका गया और युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
जानकारी के अनुसार, बिहार के कटिहार जिले के सुखासन मिलिक गांव निवासी अमान (18) पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित था। वह अपने पड़ोसी गांव बांध टोला सहुरिया निवासी मोहम्मद अशफाक के साथ दिल्ली में रसोइया का काम करता था। दोनों गुरुवार को आनंद विहार टर्मिनल से जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेन के साधारण कोच में सवार होकर घर (दानापुर) के लिए रवाना हुए।
अचानक तबीयत हुई खराब (Hapur News)
ट्रेन के आनंद विहार से रवाना होने के कुछ देर बाद ही अमान की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कोच में बैठे अन्य यात्रियों ने जब देखा कि युवक बेहोश जैसी स्थिति में है तो पूरे कोच में हड़कंप मच गया। यात्रियों ने तुरंत ट्रेन के गार्ड और रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुरादाबाद कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया।
नाॅन स्टाॅप ट्रेन को रुकवाया (Hapur News)
कंट्रोल रूम से निर्देश मिलने पर हापुड़ रेलवे स्टेशन पर नॉन-स्टॉप गुजरने वाली ट्रेन को विशेष रूप से रोका गया। आरपीएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युवक अमान को ट्रेन से उतारकर तुरंत हापुड़ के जिला अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने उसकी जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों ने मृत घोषित किया (Hapur News)
आरपीएफ थाना प्रभारी राकेश कुमार यादव ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही ट्रेन को रोककर युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनकी मौजूदगी में पोस्टमार्टम तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कई दिनों से चल रहा था बीमार(Hapur News)
युवक के साथ यात्रा कर रहे मोहम्मद अशफाक ने बताया कि अमान पिछले कई दिनों से बुखार और कमजोरी से जूझ रहा था। फिर भी वह घर जाना चाहता था, इसलिए ट्रेन से यात्रा शुरू की। लेकिन यात्रा के दौरान उसकी हालत इतनी बिगड़ गई कि उसे बचाया नहीं जा सका।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



