Khabarwala 24 News Hapur: उत्तर प्रदेश के जनपद Hapur में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष द्वारा उत्पीड़न किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर ससुराल पक्ष पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के साथ ही देवर द्वारा दुष्कर्म के प्रयास तथा सास द्वारा गला दबाकर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। एसपी के आदेश पर बाबूगढ़ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला (Hapur)
अलीगढ़ जनपद के एक गांव निवासी विवाहिता ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम श्यामपुर जट्ट निवासी अनुज कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद उसकी एक पुत्री भी हुई। पीड़िता का आरोप है कि शादी में उसके मायके पक्ष ने करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे और उपहार स्वरूप पर्याप्त सामान दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ।
पति पर लगाए गंभीर आरोप (Hapur)
पीड़िता के अनुसार, पति अनुज कुमार, ससुर सुदेशपाल, सास कुमरेश और देवर अरुण लगातार दहेज में कार और नगदी की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाने लगा। पीड़िता ने बताया कि उसका पति उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात है। शहाजहांपुर में तैनाती के दौरान पति के एक महिला कांस्टेबल से अवैध संबंध हो गए। जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने गाली-गलौच करते हुए उसके साथ मारपीट की।
सास और देवर पर भी लगाए आरोप (Hapur)
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 30 अक्टूबर की रात उसका देवर अरुण जबरन उसके कमरे में घुस आया और दुष्कर्म करने का प्रयास किया। शोर मचाने पर वह बच गई। जब उसने इस घटना की शिकायत ससुराल पक्ष से की तो मामले को दबाने का दबाव बनाया गया। इसके अलावा, पीड़िता ने बताया कि 28 दिसंबर की दोपहर उसकी बेटी खेलते-खेलते बाहर चली गई थी। उसी दौरान उसकी सास बाहर आग जलाकर ताप रही थी। आरोप है कि इसी बीच सास ने उसके साथ मारपीट की और जलती हुई लकड़ी से हमला किया। जान से मारने की नीयत से उसका गला दबाया गया। पीड़िता का कहना है कि उसने पहले भी पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस ने मामले की जांच की शुरू (Hapur)
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


